जहां एक ओर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव हाथरस सत्संग मामले में बीजेपी को घेरने की कोशिश कर रहे हैं. तो वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा का जवाब देते हुए विपक्ष को आईना दिखाने की कोशिश की है. पीएम मोदी ने स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव का जिक्र कर सपा को और अखिलेश यादव को ये बताने की कोशिश की है, कि एक समय वो भी था जब कांग्रेस अखिलेश यादव को जेल भेजना चाहती थी और आज अखिलेश यादव उसी कांग्रेस पार्टी के साथ सुर से सुर मिलाकर बोल रहे हैं. इसीलिए कहा जाता है कि राजनीति के मंच पर कब किसको गले लगाना पड़ जाए और कब किसका गला काटना पड़ जाए कोई कह नहीं सकता.
क्या नेताजी कभी झूठ बोलते थे?-पीएम मोदी
सपा संस्थापक के पुराने बयान का जिक्र करते हुए सदन में मौजूद रामगोपाल यादव की ओर पीएम नरेंद्र मोदी ने इशारा कर कहा कि आप कहेंगे कि क्या मुलायम सिंह यादव का यह बयान गलत था। क्या स्वर्गीय नेताजी झूठ बोलते थे? नेताजी हमेशा सच बोलते थे. रामगोपाल जी से कहना चाहूंगा कि जरा वे भतीजे को भी बताएं. उनको भी याद दिलाएं कि राजनीति में कदम रखते ही भतीजे के पीछे सीबीआई का फंदा लगाने वाले कौन थे? उन्हें जरा याद दिला देंगे तो पता चलेगा. पीएम नरेंद्र मोदी ने मुलायम सिंह यादव के बयान का जिक्र करते हुए कहा था कि कांग्रेस से लड़ना आसान नहीं है। वह सीबीआई जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल करती है और विपक्ष को फंसाती है। पीएम मोदी ने कहा कि हम आज भ्रष्टाचार के खिलाफ एक्शन ले रहे हैं। इससे कुछ ऐसे लोग भी परेशान दिख रहे हैं, जो अब तक कहते थे कि करप्शन के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। मैंने एजेंसियों को खुली छूट दे रखी है। उनके एक्शन में सरकार कोई अड़ंगा नहीं लगाएगी, इसका भरोसा दिया गया है। साथ ही पीएम मोदी ने दिल्ली में शराब घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि आप घोटाला करें और हम ऐक्शन न लें। ऐसा कैसा हो सकता है। यही नहीं पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली में शराब घोटाले के खिलाफ तो कांग्रेस ने ही शिकायत की थी। अब जेल जाना पड़ा है तो नरेंद्र मोदी को गाली दी जा रही है।
इमरजेंसी के दौर की बर्बरता को पीएम ने किया याद
पीएम मोदी ने राज्यसभा में अपने भाषण के दौरान इमरजेंसी के दौर की बर्बरता को एक बार फिर याद किया। पीएम ने कहा कि आज कुछ लोग उनके ही साथ हो गए हैं, जिन्होंने आपातकाल का विरोध किया था। पीएम मोदी ने कहा कि क्या आप 1977 का चुनाव भूल गए। उस समय अखबार और रेडियो बंद थे। देशवासियों ने लोकतंत्र की स्थापना के लिए वोट किया था और उस चुनाव में संविधान को बचा लिया गया। पीएम मोदी ने कहा कि आप देशवासियों को आज गुमराह कर रहे हैं, लेकिन संविधान बचाने का चुनाव तब हुआ था। पीएम मोदी ने कहा कि ये लोग 500 साल पुरानी बात भी करते हैं। जब आपातकाल की बात हो रही है तो कहते हैं कि पुरानी बात है। क्या आपके पाप पुराने हो जाते हैं?