साल 2026 के आखिरी महीने दिसंबर में OTT दर्शकों को मनोरंजन का बड़ा तोहफा मिलने वाला है। इस महीने कॉमेडी, रोमांस, थ्रिलर और ड्रामा से भरपूर कई फिल्में और वेब सीरीज रिलीज होंगी। खास बात यह है कि ‘पंचायत 5’, ‘कॉल मी बे 2’ और ‘ओनली मर्डर्स इन द बिल्डिंग 6’ जैसे चर्चित शोज के नए सीजन भी दर्शकों के बीच आएंगे। क्रिसमस से पहले कई बड़ी रिलीज देखने को मिलेंगी।
द मैन विद द बैग और पंचायत 5
2 दिसंबर को अमेजन प्राइम वीडियो पर ‘द मैन विद द बैग’ रिलीज होगी। इसमें अर्नोल्ड श्वार्जनेगर सांता क्लॉज के किरदार में नजर आएंगे, जो एक चोर की मदद से अपनी मुश्किल सुलझाने की कोशिश करते हैं। वहीं, 3 दिसंबर को ‘पंचायत 5’ अमेजन प्राइम वीडियो पर दस्तक देगी। फुलेरा गांव में इस बार राजनीतिक समीकरण बदल चुके हैं। मंजू देवी चुनाव हार चुकी हैं और सचिव जी को नई सरकार के साथ काम करना होगा। ऐसे में गांव की कहानी में नए मोड़ देखने को मिलेंगे।
प्राइड एंड प्रेजुडिस और ओ साथी रे
3 दिसंबर को नेटफ्लिक्स पर ‘प्राइड एंड प्रेजुडिस’ रिलीज होगी। जेन ऑस्टिन के मशहूर उपन्यास पर आधारित इस सीरीज में एम्मा कॉरिन एलिजाबेथ बेनेट और जैक लोडेन मिस्टर डार्सी की भूमिका निभाएंगे। सीरीज में कुल छह एपिसोड होंगे। इसके बाद 4 दिसंबर को इम्तियाज अली की रोमांटिक सीरीज ‘ओ साथी रे’ नेटफ्लिक्स पर आएगी। इसमें अदिति राव हैदरी, अविनाश तिवारी और अर्जुन रामपाल नजर आएंगे। कहानी तलाक की प्रक्रिया से गुजर रहे एक कपल के रिश्ते और भावनाओं पर आधारित है।
ओनली मर्डर्स और डॉ. हसन
8 दिसंबर को ‘ओनली मर्डर्स इन द बिल्डिंग’ का छठा सीजन जियो हॉटस्टार पर रिलीज होगा। इस बार चार्ल्स, ओलिवर और मेबल लंदन पहुंचेंगे। सीरीज में स्टीव मार्टिन, मार्टिन शॉर्ट और सेलेना गोमेज अपने पुराने किरदारों में नजर आएंगे। 11 दिसंबर को नवाजुद्दीन सिद्दीकी की मेडिकल ड्रामा सीरीज ‘डॉ. हसन’ रिलीज होगी। इसमें वह एक बेहद प्रतिभाशाली लेकिन अलग स्वभाव वाले डॉक्टर की भूमिका निभाएंगे। सीरीज में दीया मिर्जा समेत कई कलाकार नजर आएंगे।
कॉल मी बे 2 से लौटेंगी अनन्या पांडे
17 दिसंबर को अमेजन प्राइम वीडियो पर ‘कॉल मी बे’ का दूसरा सीजन रिलीज होगा। अनन्या पांडे एक बार फिर बेला यानी बे चौधरी के किरदार में दिखाई देंगी। नए सीजन में बे की जिंदगी में कई नए बदलाव आने वाले हैं। इस कॉमेडी सीरीज में वीर दास, गुरफतेह पीरजादा, वरुण सूद और विहान समत जैसे कलाकार भी नजर आएंगे।
क्रिसमस पर आएगी हैरी पॉटर की नई सीरीज
25 दिसंबर यानी क्रिसमस के दिन ‘हैरी पॉटर एंड द फिलॉसफर्स स्टोन’ की नई सीरीज रिलीज होने वाली है। इस सीरीज में डोमिनिक मैकलॉघलिन हैरी पॉटर की भूमिका निभाएंगे। उनके साथ अरबेला स्टैंटन, अलास्टर स्टाउट, जॉन लिथगो और निक फ्रॉस्ट भी नजर आएंगे। इसे जियो हॉटस्टार पर देखने का मौका मिलेगा। दिसंबर की यह रिलीज बच्चों से लेकर हैरी पॉटर के पुराने प्रशंसकों तक के लिए खास हो सकती है।