हरियाणा में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की दिशा में सरकार ने कदम तेज कर दिए हैं। हरियाणा राज्य विधि आयोग के अध्यक्ष जस्टिस एच.एस. भल्ला ने UCC का विस्तृत ड्राफ्ट राज्य सरकार को सौंप दिया है। इसमें सभी धर्मों के लोगों के लिए शादी, तलाक, भरण-पोषण, संपत्ति और गोद लेने से जुड़े एक समान नियम प्रस्तावित किए गए हैं। अब सरकार इस मसौदे पर कानूनी राय लेगी।
शादी का 60 दिनों में रजिस्ट्रेशन जरूरी
प्रस्तावित कानून के तहत शादी के 60 दिनों के भीतर विवाह पंजीकरण अनिवार्य होगा। पहले से हुई अपंजीकृत शादियों को दर्ज कराने के लिए एक साल का समय देने का प्रस्ताव है। हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई समेत सभी धर्मों के लोग अपनी धार्मिक परंपराओं के अनुसार शादी कर सकेंगे, लेकिन कानूनी पंजीकरण के नियम सभी के लिए समान होंगे।
बहुविवाह पर रोक, तलाक के नियम भी समान
UCC ड्राफ्ट में किसी भी धर्म में एक से अधिक शादी करने पर पूरी तरह रोक लगाने का प्रस्ताव है। यानी एक व्यक्ति के एक समय में केवल एक ही जीवनसाथी होगा। तलाक भी अदालत के जरिए और समान कानूनी आधारों पर ही हो सकेगा। मौखिक या एकतरफा तलाक को कानूनी मान्यता नहीं मिलेगी। तलाक के बाद दोबारा शादी करने के लिए हलाला जैसी बाध्यता भी समाप्त करने का प्रस्ताव है।
बेटियों को संपत्ति में बराबर का हक
प्रस्तावित UCC के तहत संपत्ति के बंटवारे में बेटियों को बेटों के बराबर अधिकार देने की सिफारिश की गई है। इसके अलावा सभी धर्मों के लिए बच्चों को गोद लेने के नियम भी एक समान होंगे। विवाह की न्यूनतम उम्र भी समान रहेगी, जिसमें पुरुषों के लिए 21 वर्ष और महिलाओं के लिए 18 वर्ष तय किए गए हैं।
लिव-इन रिलेशनशिप पर भी सख्ती
लिव-इन रिलेशनशिप में रहने वाले जोड़ों को भी रजिस्ट्रेशन कराना होगा। एक महीने से अधिक समय तक बिना पंजीकरण लिव-इन में रहने पर तीन महीने तक की कैद या 10 हजार रुपये जुर्माना अथवा दोनों का प्रस्ताव है। 21 वर्ष से कम उम्र के पार्टनर के अभिभावकों को सूचना देने का नियम भी शामिल है। धोखाधड़ी या दबाव से सहमति लेने पर पांच साल तक की सजा हो सकती है। अनुसूचित जनजातियों को इस कानून से बाहर रखने की सिफारिश है।
समर्थन के बीच विपक्ष ने मांगा सार्वजनिक ड्राफ्ट
कैबिनेट मंत्री अनिल विज और श्रुति चौधरी ने प्रस्तावित UCC का समर्थन किया है। वहीं, विपक्षी दलों ने ड्राफ्ट सार्वजनिक करने और सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग उठाई है। पूर्व मंत्री संपत सिंह ने भी सरकार से मसौदा सार्वजनिक कर उस पर चर्चा कराने की मांग की है। फिलहाल सरकार एडवोकेट जनरल और लीगल रिमेंब्रेंसर की राय लेने के बाद आगे का फैसला करेगी।