मशहूर सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ को लेकर लगातार सुर्खियों में हैं। वह देश के अलग-अलग शहरों में लाइव कॉन्सर्ट कर रहे हैं और फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। 15 नवंबर को उन्होंने इंदौर में प्रस्तुति दी, इसके बाद अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में परफॉर्म किया। शुक्रवार, 27 नवंबर को दिलजीत मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में अपने कॉन्सर्ट के लिए पहुंचे, जहां उनके गानों पर फैंस खूब झूमे।
कॉन्सर्ट से पहले मिली बम धमकी
दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट लगातार धमकियों को लेकर भी चर्चा में हैं। इंदौर में उनके कार्यक्रम से पहले ई-मेल के जरिए आयोजन स्थल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इसी तरह मुंबई कॉन्सर्ट से पहले भी कार्यक्रम स्थल और मेट्रो स्टेशन को धमकी मिलने की खबर सामने आई थी। इन धमकियों के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं और कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था को पहले से ज्यादा मजबूत किया गया।
धमकियों पर दिलजीत ने दिया दिल जीतने वाला जवाब
मुंबई कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत दोसांझ ने धमकियों को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने अपने अंदाज में कहा कि उनकी तरफ से सभी के लिए सिर्फ प्यार है। दिलजीत ने कहा, ‘मेरी तरफ से सिर्फ प्यार है. बाकी, वे बम फेंकने की धमकी दे सकते हैं, लेकिन मेरा दिल प्यार से भरा हुआ है।’ उनके इस बयान को सुनकर फैंस ने खूब उत्साह दिखाया। सोशल मीडिया पर भी सिंगर के इस अंदाज की चर्चा होने लगी।
मेयर और कमिश्नर को भी मिला धमकी भरा ई-मेल
मुंबई कॉन्सर्ट से पहले शहर की मेयर रितु तावड़े और म्युनिसिपल कमिश्नर अश्विनी भिड़े को भी धमकी भरा ई-मेल मिला था। इस ई-मेल में महालक्ष्मी रेसकोर्स और बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा को निशाना बनाने की धमकी दी गई थी। इसके बाद पुलिस और सुरक्षा अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया और आयोजन स्थल की सुरक्षा बढ़ा दी। धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू की।
कॉन्सर्ट में 500 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात
दिलजीत दोसांझ के मुंबई कॉन्सर्ट को सुरक्षित बनाने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, कार्यक्रम में 500 से ज्यादा पुलिसकर्मी मौजूद रहे। इसके अलावा सादे कपड़ों में भी जवान तैनात किए गए थे। सुरक्षा एजेंसियों ने कार्यक्रम स्थल की जांच की और आयोजन के दौरान सुरक्षा से जुड़े कई नियम लागू किए गए, ताकि किसी तरह की परेशानी न हो।
धमकियों के बीच संगीत और प्यार का संदेश
धमकियों के बावजूद दिलजीत दोसांझ ने मुंबई में अपने कॉन्सर्ट के दौरान फैंस के साथ शानदार माहौल बनाया। उनके बयान ने एक बार फिर उनके शांत और सकारात्मक अंदाज को सामने रखा। दिलजीत अक्सर अपने संगीत और बातचीत के जरिए प्यार, एकता और सकारात्मकता का संदेश देते नजर आते हैं। मुंबई कॉन्सर्ट में भी उनका यही अंदाज फैंस के बीच चर्चा का विषय बना रहा।