वाराणसी में इस सर्दी घूमने का प्लान बना रहे हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है। शहर में पहली बार बनारस बिएननेल का आयोजन होने जा रहा है। 27 नवंबर से 31 दिसंबर 2026 तक चलने वाले इस 35 दिवसीय महोत्सव में कला, संगीत, सिनेमा, खानपान और भारतीय हस्तशिल्प की झलक देखने को मिलेगी। खास बात यह है कि इसका आयोजन सिर्फ वाराणसी ही नहीं, बल्कि मिर्जापुर और भदोही में भी होगा।
पहली बार बनारस में होगा कला का बड़ा महोत्सव
भारतीय उद्योग परिसंघ यानी सीआईआई पहली बार बनारस बिएननेल आयोजित कर रहा है। इसका उद्घाटन 27 नवंबर को होगा, लेकिन यह दिन आमंत्रित मेहमानों और मीडिया के लिए आरक्षित रहेगा। आम लोग 28 नवंबर से महोत्सव में शामिल हो सकेंगे। इसका उद्देश्य बनारस की पुरानी सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक कला और नए विचारों से जोड़ना है।
काशी की संस्कृति और आधुनिक कला का संगम
इस महोत्सव की थीम ‘काशी/प्रकाश: द सिटी एज अ सेंसरियम’ रखी गई है। इसके तहत शहर के अलग-अलग स्थानों पर कला और संस्कृति से जुड़े कार्यक्रम होंगे। संग्रहालयों, आर्ट गैलरी, विश्वविद्यालयों, ऐतिहासिक इमारतों, गंगा घाटों और शिल्प केंद्रों को आयोजन का हिस्सा बनाया जाएगा। इससे पर्यटकों को बनारस को एक नए अंदाज में देखने का मौका मिलेगा।
गंगा घाटों पर संगीत और खास कलाकृतियां
बनारस बिएननेल में संगीत प्रेमियों के लिए भी कई खास कार्यक्रम रखे गए हैं। गंगा किनारे घाटों पर शाम के समय संगीत कार्यक्रम होंगे। नमो घाट पर आरपीएसजी कॉन्सर्ट्स के तहत लाइव म्यूजिक का आनंद लिया जा सकेगा। इसके अलावा भारतीय साड़ियों, कपड़ों और कालीनों की खूबसूरती को प्रदर्शनियों और शिल्प यात्राओं के जरिए करीब से समझने का मौका मिलेगा।
धागे से खुद बना सकेंगे सामूहिक कलाकृति
इस महोत्सव का एक खास आकर्षण ‘एक धागा, एक दुनिया’ नाम का कार्यक्रम होगा। इसमें आम लोग भी अपनी पसंद का धागा चुनकर एक सामूहिक कलाकृति तैयार करने में योगदान दे सकेंगे। यानी यहां आने वाले लोग सिर्फ कला को देखेंगे ही नहीं, बल्कि खुद भी उसका हिस्सा बन पाएंगे। यह अनुभव बच्चों और युवाओं के लिए भी खास हो सकता है।
BHU से लेकर खानपान तक दिखेगी बनारस की विरासत
बनारस हिंदू विश्वविद्यालय यानी बीएचयू भी इस महोत्सव का अहम केंद्र होगा। यहां कई कला प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा बनारस पर आधारित फिल्म फेस्टिवल, गंगा घाटों पर हेरिटेज वॉक, मंदिरों की यात्राएं और खास टूर भी होंगे। खाने के शौकीनों के लिए पाक कला से जुड़े कार्यक्रम रखे जाएंगे। इस आयोजन की मुख्य क्यूरेटर गायत्री सिन्हा हैं। वहीं, वस्त्र और शिल्प की जिम्मेदारी प्रमोद कुमार केजी और ज्ञान प्रवाह में अंजना चक्रवर्ती संभालेंगे।
कब जाएं और कैसे उठाएं महोत्सव का आनंद?
अगर आप बनारस बिएननेल घूमने की योजना बना रहे हैं तो 28 नवंबर से 1 दिसंबर तक का समय अच्छा रहेगा। इन दिनों प्रदर्शनियों, फिल्म स्क्रीनिंग, बातचीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। हालांकि, अगर आप शुरुआती दिनों में नहीं पहुंच पाते हैं तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। दिसंबर के बाकी दिनों में भी वाराणसी और मिर्जापुर में प्रदर्शनियां जारी रहेंगी। कुछ खास बातचीत और मास्टरक्लास में शामिल होने का मौका भी मिलेगा।