बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर की आने वाली फिल्म ‘ईठा’ रिलीज से पहले ही सुर्खियों में आ गई है। फिल्म ने ऐसा कारनामा किया है, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। दरअसल, फिल्म के पहले गाने ‘जी जी रे जी’ पर एक मिनट की लावणी परफॉर्मेंस के जरिए दो बड़े रिकॉर्ड बनाए गए हैं। फिल्म का नाम ‘इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ और ‘एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ में दर्ज हो गया है। यह उपलब्धि एक मिनट में सबसे ज्यादा महिलाओं द्वारा एक साथ लावणी का हुक स्टेप करने के लिए मिली है।
पुणे में सैकड़ों महिलाओं ने किया डांस
इस रिकॉर्ड को बनाने के लिए पुणे की जील यूनिवर्सिटी में एक खास कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें सैकड़ों महिलाएं और युवतियां पारंपरिक मराठी वेशभूषा पहनकर शामिल हुईं। सभी ने फिल्म के गाने ‘जी जी रे जी’ पर एक साथ लावणी के हुक स्टेप किए। इस खास मौके पर श्रद्धा कपूर के साथ फिल्म के निर्देशक लक्ष्मण उतेकर और निर्माता करिश्मा शर्मा भी मौजूद रहे। रिकॉर्ड बुक के अधिकारियों ने कार्यक्रम में ही इस उपलब्धि की आधिकारिक घोषणा की।
श्रद्धा कपूर को मिला रिकॉर्ड का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान मैडॉक फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड और कठपुतली क्रिएशन्स महाराष्ट्र को इस उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया। मंच पर श्रद्धा कपूर, लक्ष्मण उतेकर और फिल्म की टीम को सर्टिफिकेट और मेडल दिए गए। इस दौरान श्रद्धा काफी खुश नजर आईं। उन्होंने वहां मौजूद महिलाओं और युवतियों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। खास बात यह रही कि श्रद्धा ने खुद भी मंच पर लावणी की झलक दिखाकर कार्यक्रम का उत्साह बढ़ा दिया।
हरी नौवारी साड़ी में श्रद्धा का मराठी अंदाज
इस खास इवेंट में श्रद्धा कपूर का लुक भी चर्चा का विषय बना रहा। वह खूबसूरत एमराल्ड ग्रीन नौवारी साड़ी पहनकर पहुंचीं। साड़ी पर सुनहरे रंग का काम और कॉपर-पीच रंग का पल्लू था। उन्होंने अपने लुक को मराठी ज्वेलरी से पूरा किया। श्रद्धा ने सिल्वर चोकर, झुमके, मराठी नथ, चूड़ियां और कमरबंद पहना था। पैरों में घुंघरू-पायल और कोल्हापुरी चप्पल उनके लुक को खास बना रहे थे। बालों में लाल फूलों का गजरा और माथे पर बिंदी लगाकर उन्होंने सबका ध्यान खींच लिया।
महान लावणी कलाकार की जिंदगी पर बनी है फिल्म
‘ईठा’ की कहानी महाराष्ट्र की मशहूर तमाशा और लावणी कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर के जीवन से प्रेरित है। फिल्म में उनके संघर्ष, मेहनत और कला के प्रति समर्पण को दिखाया जाएगा। फिल्म का पहला गाना ‘जी जी रे जी’ 17 नवंबर को रिलीज किया गया था। इसे मशहूर संगीतकार अजय-अतुल ने तैयार किया है। गाने के बोल अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखे हैं और श्रेया घोषाल ने अपनी आवाज दी है। वहीं, इसकी कोरियोग्राफी वैभवी मर्चेंट ने की है।
4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ‘ईठा’
फिल्म ‘ईठा’ का निर्देशन लक्ष्मण उतेकर ने किया है। इसके निर्माता दिनेश विजान, लक्ष्मण उतेकर और करिश्मा शर्मा हैं। फिल्म में श्रद्धा कपूर के साथ रणदीप हुड्डा, मोहम्मद जीशान अय्यूब और सिद्धार्थ जाधव भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। रिलीज से पहले दो बड़े रिकॉर्ड अपने नाम करने के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है। अब देखना होगा कि श्रद्धा की यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कितना कमाल दिखा पाती है।