Margashirsha Month 2026: 25 नवंबर से शुरू अगहन का पवित्र महीना, भगवान कृष्ण की कृपा पाने के लिए करें ये 5 पूजन, इन गलतियों से रहें दूर

हिंदू पंचांग के अनुसार, मार्गशीर्ष मास को साल का नौवां महीना माना जाता है। इसे अगहन मास के नाम से भी जाना जाता है। उत्तर भारत के पंचांग के मुताबिक, साल 2026 में इसकी शुरुआत 25 नवंबर, बुधवार से हो रही है। वहीं, इसका समापन 23 दिसंबर 2026 को होगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, यह महीना भगवान श्रीकृष्ण की पूजा और भक्ति के लिए बेहद खास होता है। इस दौरान पूजा-पाठ, स्नान, दान और मंत्र जाप करने का विशेष महत्व बताया गया है।


भगवान कृष्ण ने बताया अपना स्वरूप

मार्गशीर्ष मास का संबंध सीधे भगवान श्रीकृष्ण से माना जाता है। श्रीमद्भगवद्गीता के विभूति योग में भगवान कृष्ण अर्जुन से कहते हैं, ‘मासानां मार्गशीर्षोऽहम्’ यानी महीनों में मैं मार्गशीर्ष हूं। इसी वजह से इस पूरे महीने को भगवान श्रीकृष्ण की आराधना के लिए बेहद शुभ माना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि इस दौरान भगवान विष्णु और श्रीकृष्ण की सच्चे मन से पूजा करने, गीता का पाठ करने और मंत्रों का जाप करने से पुण्य मिलता है।

श्रीकृष्ण और विष्णु जी की करें पूजा

मार्गशीर्ष मास में भगवान श्रीकृष्ण की पूजा करना बेहद शुभ माना जाता है। भक्त उन्हें पीले फूल, तुलसी दल और माखन-मिश्री का भोग लगा सकते हैं। साथ ही ‘ओम नमो भगवते वासुदेवाय’ मंत्र का जाप करना भी अच्छा माना जाता है। भगवान विष्णु की पूजा के लिए सुबह स्नान करके घी का दीपक जलाएं। इसके बाद विष्णु सहस्रनाम या विष्णु मंत्रों का पाठ करें। मान्यता है कि इससे भगवान विष्णु की कृपा प्राप्त होती है।

माता लक्ष्मी, तुलसी और शंख पूजन का महत्व

इस महीने में माता लक्ष्मी की पूजा भी विशेष फलदायी मानी जाती है। मान्यता है कि शुक्रवार को माता लक्ष्मी की पूजा और दीपदान करने से घर में सुख-समृद्धि आती है। इसके अलावा तुलसी माता की पूजा करना भी शुभ माना गया है। तुलसी के पास घी का दीपक जलाएं और भगवान विष्णु को तुलसी दल अर्पित करें। वहीं, शंख को भगवान विष्णु का पवित्र प्रतीक माना जाता है। पूजा के दौरान शंख बजाना और उसकी आराधना करना भी शुभ माना जाता है।

मार्गशीर्ष मास में इन गलतियों से बचें

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस पवित्र महीने में किसी का अपमान नहीं करना चाहिए। माता-पिता, गुरुजनों और बुजुर्गों का सम्मान करना चाहिए। जरूरतमंद लोगों की मदद करनी चाहिए और किसी को परेशान नहीं करना चाहिए। इसके अलावा मांस-मदिरा और नशीली चीजों से दूर रहने की सलाह दी जाती है। कई धार्मिक परंपराओं में प्याज और लहसुन का सेवन भी नहीं किया जाता। इस दौरान सात्विक भोजन करना और अपने व्यवहार में संयम रखना अच्छा माना जाता है।

झूठ और छल-कपट से भी रहें दूर

मार्गशीर्ष मास में केवल पूजा-पाठ ही नहीं, बल्कि अच्छे आचरण का भी विशेष महत्व बताया गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दौरान झूठ बोलना, धोखा देना, बेईमानी करना और किसी दूसरे का हक छीनना गलत माना जाता है। भगवान श्रीकृष्ण ने भी गीता में सत्य, धर्म और अच्छे कर्मों का संदेश दिया है। इसलिए इस महीने में मन को शांत रखें, दूसरों के प्रति प्रेम और सद्भाव बनाए रखें। जरूरतमंदों की सहायता करें और अपनी क्षमता के अनुसार दान-पुण्य करें।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post