Winter Health Tips: ठंड में नाश्ते की ये 5 गलतियां छीन रही हैं आपकी एनर्जी, दिनभर रहेंगे सुस्त और थके हुए

सर्दियों में सुबह बिस्तर छोड़ने का मन नहीं करता। ठंड की वजह से लोग अपनी रोजमर्रा की आदतों में बदलाव कर देते हैं। इसका असर उनके खानपान पर भी पड़ता है। खासकर नाश्ते को लेकर की गई छोटी-छोटी गलतियां दिनभर की थकान और आलस की वजह बन सकती हैं। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, ठंड के मौसम में शरीर को सही पोषण और पर्याप्त एनर्जी की जरूरत होती है। धूप की कमी, हार्मोनल बदलाव और खराब डाइट भी सुस्ती बढ़ा सकते हैं। ऐसे में सुबह का नाश्ता सही होना बेहद जरूरी है। आइए जानते हैं नाश्ते से जुड़ी 5 ऐसी गलतियों के बारे में, जिनसे आपको बचना चाहिए।

सुबह नाश्ता करने में देरी करना

सर्दियों में कई लोग देर तक बिस्तर में रहते हैं और नाश्ता भी काफी देर से करते हैं। कुछ लोग तो सुबह का नाश्ता पूरी तरह छोड़ देते हैं। ऐसा करने से शरीर को जरूरी पोषण नहीं मिल पाता और भूख, थकान जैसी समस्याएं हो सकती हैं। खासकर तब, जब आपने रात का खाना जल्दी खाया हो। नाश्ते में कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन और फाइबर शामिल करने से शरीर को दिनभर काम करने के लिए जरूरी एनर्जी मिलती है।

चाय-कॉफी को ही नाश्ता समझ लेना

ठंड में गर्मागर्म चाय और कॉफी पीना अच्छा लगता है, लेकिन इन्हें नाश्ते का विकल्प बनाना सही नहीं है। चाय-कॉफी में मौजूद कैफीन कुछ समय के लिए ताजगी जरूर देता है, लेकिन इससे शरीर को जरूरी पोषक तत्व नहीं मिलते। खाली पेट बार-बार कैफीन लेने से भूख और नींद का पैटर्न भी प्रभावित हो सकता है। इसलिए चाय-कॉफी के साथ पौष्टिक नाश्ता जरूर करें।

बिस्कुट और सफेद ब्रेड ज्यादा खाना

कई लोगों के नाश्ते में बिस्कुट, सफेद ब्रेड और मीठे सीरियल्स शामिल होते हैं। इन चीजों में रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट की मात्रा ज्यादा हो सकती है, जबकि फाइबर और प्रोटीन कम होता है। ऐसे नाश्ते से लंबे समय तक पेट भरा नहीं रहता। इसकी जगह सब्जियों वाला पोहा, ओट्स, साबुत अनाज का डोसा या मल्टीग्रेन टोस्ट खा सकते हैं। इससे शरीर को बेहतर पोषण मिलेगा।

नाश्ते में प्रोटीन को नजरअंदाज करना

अगर आपका नाश्ता सिर्फ कार्बोहाइड्रेट से भरपूर है तो अपनी इस आदत को बदलने की जरूरत है। प्रोटीन मांसपेशियों को मजबूत रखने और लंबे समय तक पेट भरा महसूस कराने में मदद करता है। सर्दियों में अंडे, दही, दाल, स्प्राउट्स और नट्स को नाश्ते का हिस्सा बना सकते हैं। इससे आपकी डाइट संतुलित रहेगी और शरीर को जरूरी पोषण भी मिलेगा।

ठंड में पानी पीना कम कर देना

सर्दियों में प्यास कम लगती है, इसलिए कई लोग पानी पीना भी कम कर देते हैं। लेकिन शरीर को ठंड के मौसम में भी पर्याप्त पानी की जरूरत होती है। पानी की कमी से थकान, सिरदर्द और ध्यान लगाने में परेशानी हो सकती है। इसलिए दिनभर थोड़ी-थोड़ी देर में पानी पीते रहें। अपनी जरूरत, मौसम और शारीरिक गतिविधियों के हिसाब से पर्याप्त पानी पीना जरूरी है। सिर्फ प्यास लगने का इंतजार न करें।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post