उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ गोरखपुर में अपनी ताकत दिखाने की कोशिश की है। बुधवार को उन्होंने करीब 20 किलोमीटर लंबा रोड शो किया। लेकिन इस दौरे की सबसे बड़ी चर्चा बीजेपी के पूर्व नेता अजय कुमार सिंह उर्फ टप्पू सिंह की सपा में एंट्री को लेकर है। माना जा रहा है कि अखिलेश इस कदम से गोरखपुर में ठाकुर, ब्राह्मण और निषाद वोटों को साधने की कोशिश कर रहे हैं।
योगी के गढ़ में अखिलेश का शक्ति प्रदर्शन
अखिलेश यादव ने गोरखपुर एयरपोर्ट से चौरी-चौरा के देवकही गांव तक करीब 20 किलोमीटर का रोड शो किया। इस दौरान पीडीए रथ पर सवार अखिलेश के साथ बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। रोड शो के जरिए उन्होंने बीजेपी को सीधी चुनौती देने का संदेश दिया। हालांकि, उनके दौरे का सबसे बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम चौरी-चौरा में देखने को मिला, जहां उन्होंने टप्पू सिंह को पार्टी में शामिल कराया।
कौन हैं अजय कुमार सिंह उर्फ टप्पू?
टप्पू सिंह गोरखपुर के एक राजनीतिक परिवार से आते हैं। उनके बड़े भाई विनय कुमार सिंह उर्फ बिन्नू सिंह चौरी-चौरा की राजनीति में सक्रिय रहे थे। बिन्नू सिंह छात्र राजनीति से आगे बढ़कर बीजेपी में शामिल हुए थे। 1993 में बीजेपी ने उन्हें मानीराम विधानसभा सीट से टिकट दिया था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। बाद में 2012 में उन्होंने बीजेपी के टिकट पर चौरी-चौरा से भी चुनाव लड़ा, लेकिन जीत नहीं सके।
निर्दलीय चुनाव लड़कर हासिल किए 30 हजार वोट
नवंबर 2016 में बिन्नू सिंह के निधन के बाद टप्पू सिंह राजनीति में सक्रिय हुए। साल 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने बीजेपी से चौरी-चौरा सीट पर टिकट मांगा था, लेकिन पार्टी ने उन्हें उम्मीदवार नहीं बनाया। इसके बाद उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला किया। बीजेपी के खिलाफ चुनाव लड़ने के कारण उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया। निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर टप्पू सिंह को करीब 30 हजार वोट मिले थे। अब उनकी सपा में एंट्री को 2027 की तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है।
गोरखनाथ मंदिर से भी जुड़ा रहा परिवार
टप्पू सिंह के परिवार का गोरखनाथ मंदिर से जुड़ाव बताया जाता है। टप्पू सिंह ने एक मीडिया संस्थान को दिए इंटरव्यू में दावा किया था कि उनके परिवार ने गोरखनाथ मंदिर और एमएमएमयूटी के लिए जमीन दी थी। उनके परिवार को स्वतंत्रता सेनानी बंधू सिंह का वंशज भी बताया जाता है। ऐसे में राजनीतिक जानकारों की नजर इस बात पर है कि टप्पू सिंह की एंट्री से सपा को स्थानीय स्तर पर कितना फायदा मिलता है।
हरिशंकर तिवारी परिवार से ब्राह्मण वोटों पर नजर
अखिलेश यादव की रणनीति में पूर्व मंत्री हरिशंकर तिवारी का परिवार भी अहम माना जा रहा है। उनके बेटे विनय शंकर तिवारी और कुशल तिवारी पहले ही सपा में शामिल हो चुके हैं। पूर्वांचल की राजनीति में हरिशंकर तिवारी परिवार का प्रभाव रहा है। अखिलेश लगातार बीजेपी सरकार पर ब्राह्मणों के उत्पीड़न का आरोप लगाते रहे हैं। ऐसे में इस परिवार के जरिए सपा ब्राह्मण मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है।
निषाद वोटों के साथ 41 सीटों पर नजर
गोरखपुर की चौरी-चौरा सीट पर निषाद मतदाताओं का खास प्रभाव है। यहां से मौजूदा विधायक सरवन निषाद हैं, जो निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद के बेटे हैं। ऐसे में सपा इस क्षेत्र में अपनी मौजूदगी बढ़ाने की कोशिश कर रही है। पार्टी की नजर गोरखपुर और बस्ती मंडल की करीब 41 विधानसभा सीटों पर है। अखिलेश यादव ने रोड शो के दौरान गोरखपुर की सभी नौ सीटों पर बीजेपी को हराने का दावा भी किया। अब देखना होगा कि उनकी यह सियासी रणनीति 2027 में कितना असर दिखाती है।