बॉलीवुड में इन दिनों हॉरर और सुपरनैचुरल फिल्मों का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है। इसी बीच निर्माता एकता आर कपूर और अमर बुटाला ने अपनी नई हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘हीरो की हॉरॉरोइन’ का ऐलान कर दिया है। खास बात यह है कि फिल्म का टाइटल और पहला लुक शुक्रवार यानी 13 तारीख के खास मौके पर जारी किया गया है। फिल्म 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
पोस्टर देखकर कांप उठेगी रूह
फिल्म का फर्स्ट लुक पोस्टर काफी डरावना है। इसमें अंधेरे और धुएं से भरे माहौल के बीच लाल साड़ी पहने एक खौफनाक महिला दिखाई दे रही है। उसके लंबे बिखरे बाल, सफेद आंखें, नुकीले दांत और डरावने पंजे किसी को भी डरा सकते हैं। पोस्टर से साफ है कि फिल्म में हॉरर के साथ मनोरंजन का भी भरपूर तड़का देखने को मिलेगा।
यशवर्धन आहूजा करेंगे बॉलीवुड डेब्यू
फिल्म की स्टारकास्ट को लेकर मेकर्स ने अभी आधिकारिक जानकारी नहीं दी है, लेकिन इंडस्ट्री रिपोर्ट्स में कई बड़े नाम सामने आ रहे हैं। खबरों के मुताबिक, बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा के बेटे यशवर्धन आहूजा इस फिल्म से अपना एक्टिंग डेब्यू कर सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो दर्शकों को पहली बार यशवर्धन बड़े पर्दे पर अभिनय करते नजर आएंगे।
नितांशी गोयल बनेंगी मुख्य हीरोइन
रिपोर्ट्स के अनुसार, यशवर्धन के साथ फिल्म में ‘लापता लेडीज’ फेम नितांशी गोयल मुख्य भूमिका निभाती नजर आएंगी। फिल्म में सुनीता आहूजा, चंकी पांडे, जेमी लीवर, बृजेंद्र काला और सिमरत कौर के भी अहम किरदार होने की चर्चा है। हालांकि, इन कलाकारों की मौजूदगी को लेकर मेकर्स की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
साजिद खान करेंगे निर्देशन में वापसी
इस फिल्म के जरिए निर्देशक साजिद खान लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं। वह इससे पहले ‘हे बेबी’ और ‘हाउसफुल’ जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। फिल्म को एकता कपूर, शोभा कपूर और अमर बुटाला प्रोड्यूस कर रहे हैं। जय हो मीडिया वेंचर्स और बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड इसके निर्माण से जुड़े हैं।
2027 में बॉक्स ऑफिस पर होगी टक्कर
एकता कपूर का हॉरर और सुपरनैचुरल जॉनर से पुराना जुड़ाव रहा है। उनकी फिल्मों और टीवी शोज में इस तरह की कहानियां दर्शकों को पसंद आती रही हैं। अब ‘हीरो की हॉरॉरोइन’ के जरिए वह एक बार फिर डर और कॉमेडी का नया मेल लेकर आ रही हैं। फिल्म 2027 में रिलीज होगी। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि साजिद खान की यह वापसी दर्शकों को कितना पसंद आती है।