भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के अंतरराष्ट्रीय करियर को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का मानना है कि भुवनेश्वर शायद भारत के लिए अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं। अश्विन के मुताबिक, न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में उनका प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा। ऐसे में अब टीम इंडिया में उनकी वापसी मुश्किल नजर आ रही है।
आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के बाद हुई थी वापसी
भुवनेश्वर कुमार ने आईपीएल 2026 में शानदार गेंदबाजी करते हुए भारतीय टीम में वापसी का रास्ता बनाया था। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से खेलते हुए उन्होंने 16 मुकाबलों में 28 विकेट हासिल किए थे। उनके इस प्रदर्शन के बाद उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में मौका मिला। फैंस को उम्मीद थी कि वह आईपीएल वाली फॉर्म अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी जारी रखेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
न्यूजीलैंड के खिलाफ सिर्फ एक विकेट मिला
न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में भुवनेश्वर पूरी तरह संघर्ष करते नजर आए। पहले मुकाबले में उन्होंने चार ओवर में 49 रन खर्च किए और एक भी विकेट नहीं लिया। दूसरे मैच में उन्हें डैरिल मिचेल का विकेट मिला, लेकिन इस मुकाबले में भी उन्होंने 50 रन दे दिए। तीसरे मैच में भी वह विकेट हासिल नहीं कर सके और 40 रन खर्च किए। चौथे मैच से बाहर रहने के बाद आखिरी मुकाबले में वापसी की, लेकिन वहां भी उन्हें कोई सफलता नहीं मिली।
11.50 की इकोनॉमी ने बढ़ाई मुश्किलें
पांच मैचों की इस सीरीज में भुवनेश्वर कुमार को केवल एक विकेट मिला। उनका इकॉनमी रेट 11.50 रहा, जो टी20 क्रिकेट के लिहाज से काफी महंगा प्रदर्शन है। आईपीएल में 28 विकेट लेने वाले गेंदबाज का अंतरराष्ट्रीय सीरीज में इस तरह संघर्ष करना चर्चा का विषय बन गया। अश्विन ने भी आईपीएल और न्यूजीलैंड सीरीज के प्रदर्शन में जमीन-आसमान का अंतर बताया।
अश्विन ने गेंदबाजी की तैयारी पर भी उठाए सवाल
अपने यूट्यूब चैनल पर अश्विन ने कहा कि भुवनेश्वर की समस्या सिर्फ रन लुटाना या विकेट नहीं लेना नहीं थी। उनकी रनअप की रफ्तार, गेंदबाजी की तीव्रता और गेंद की गति भी पहले जैसी नजर नहीं आई। अश्विन के मुताबिक, ऐसा लग रहा था कि भुवनेश्वर इस सीरीज के लिए पूरी तैयारी के साथ नहीं आए थे। उन्होंने माना कि उनकी ट्रेनिंग और मैच की तैयारी में कमी दिखाई दी।
अनुभवी खिलाड़ी के लिए वापसी हुई मुश्किल
अश्विन ने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अनुभव हमेशा फायदा नहीं देता। युवा खिलाड़ियों को अपनी जगह बनाने के लिए कई मौके मिल जाते हैं, लेकिन अनुभवी खिलाड़ियों से वापसी करते ही अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद की जाती है। भुवनेश्वर के मामले में भी यही चुनौती दिखाई दे रही है। हालांकि, उनके अंतरराष्ट्रीय करियर पर अभी कोई आधिकारिक फैसला नहीं हुआ है, लेकिन अश्विन की टिप्पणी ने उनके भविष्य को लेकर चर्चा तेज कर दी है।