Yogi सरकार का दिवाली धमाका: 1.89 करोड़ परिवारों को मुफ्त गैस सिलेंडर, किसानों और महिलाओं के लिए भी बड़े पैकेज का ऐलान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के मौके पर उत्तर प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक परिवारों को रसोई गैस सिलेंडर की सब्सिडी का तोहफा दिया। लखनऊ के लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 1500 करोड़ रुपये की धनराशि बटन दबाकर सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी। इससे गरीब परिवारों को त्योहार पर आर्थिक राहत मिलेगी।

अब 650 रुपये नहीं देने होंगे लाभार्थियों को

मुख्यमंत्री ने बताया कि एक भरे हुए गैस सिलेंडर की कीमत 983.45 रुपये है। इसमें केंद्र सरकार की ओर से 335.40 रुपये की सब्सिडी मिलती है। बाकी 648.55 रुपये लाभार्थियों को देने पड़ते थे। अब इस पूरी रकम का भुगतान राज्य सरकार ने गैस कंपनियों को कर दिया है। इससे उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को सिलेंडर के लिए अपनी जेब से पैसे नहीं देने होंगे और वे बची रकम से दिवाली की खरीदारी कर सकेंगे।

तीन करोड़ किसानों और महिलाओं के लिए आएगा पैकेज

मुख्यमंत्री ने किसानों और महिलाओं के लिए भी बड़े आर्थिक पैकेज की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अल नीनो, बेमौसम बारिश, सूखा और ओलावृष्टि के कारण किसानों की फसलों को नुकसान हुआ है। प्रभावित किसानों को तत्काल मुआवजा दिया जा रहा है। इसके अलावा प्रदेश के करीब तीन करोड़ किसान परिवारों के लिए विशेष आर्थिक पैकेज लाने की तैयारी है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए भी सरकार अलग से बड़ा पैकेज लाएगी।

पुरानी सरकारों पर साधा निशाना

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की पिछली सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले गैस कनेक्शन लेने के लिए लोगों को परेशान होना पड़ता था और रिश्वत तक देनी पड़ती थी। उन्होंने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना को गरीब परिवारों तक गैस कनेक्शन पहुंचाने की बड़ी पहल बताया। वहीं, 2017 से पहले प्रदेश में त्योहारों के दौरान दंगे और कर्फ्यू की घटनाओं का जिक्र करते हुए कानून-व्यवस्था में सुधार का दावा किया।

मंडियों और श्रमिक अड्डों पर खुलेंगे अन्नपूर्णा भोजनालय

मुख्यमंत्री ने किसानों और मजदूरों को राहत देने के लिए मंडी समितियों और श्रमिक अड्डों पर अन्नपूर्णा भोजनालय खोलने की घोषणा की। यहां किसानों और निर्माण कार्य में लगे मजदूरों को टोकन मनी देकर सम्मान के साथ भरपेट भोजन मिलेगा। इसके अलावा श्रमिकों के बच्चों को अटल आवासीय विद्यालयों में मुफ्त शिक्षा दी जा रही है। सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, रसोइयों, ग्राम चौकीदारों और पीआरडी जवानों के मानदेय में भी बढ़ोतरी की है।

महिलाओं और गरीबों के लिए योजनाओं पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार समाज के कमजोर वर्गों की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए लगातार काम कर रही है। राशन की दुकानों को मॉडल शॉप यानी अन्नपूर्णा भवन के रूप में विकसित किया जा रहा है। वहीं, लखपति दीदी और बीसी सखी जैसी योजनाओं से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडे और कई जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post