Bollywood में पसरा मातम, फिल्ममेकर संजय गुप्ता के निधन से टूटा रोनित रॉय का दिल, भाई रोहित भी फूट-फूटकर रोए

बॉलीवुड से एक दुखद खबर सामने आई है। मशहूर फिल्ममेकर संजय गुप्ता का 59 साल की उम्र में निधन हो गया है। शनिवार सुबह उनके अचानक दुनिया छोड़ने की खबर से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन की जानकारी मिलते ही कई बॉलीवुड सितारे और करीबी दोस्त मुंबई स्थित उनके घर पहुंचे। इस दौरान अभिनेता रोनित रॉय काफी भावुक नजर आए। संजय गुप्ता के जाने से उनके परिवार और दोस्तों को गहरा सदमा लगा है।

संजय गुप्ता के निधन से सदमे में बॉलीवुड

फिल्ममेकर संजय गुप्ता के निधन की खबर ने उनके चाहने वालों को हैरान कर दिया। शनिवार सुबह उनके निधन की सूचना सामने आई, जिसके बाद बॉलीवुड के कई कलाकार उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे। उनके घर पर दोस्तों, रिश्तेदारों और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों का आना-जाना लगा रहा। हर कोई अपने अंदाज में फिल्ममेकर को श्रद्धांजलि देता नजर आया।

दोस्त को खोकर फूट-फूटकर रोए रोनित रॉय

संजय गुप्ता के निधन के बाद सबसे पहले उनके घर पहुंचने वालों में अभिनेता रोनित रॉय शामिल थे। शनिवार दोपहर वह अपने कुछ करीबी दोस्तों के साथ वहां पहुंचे। इस दौरान रोनित अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख पाए और उनकी आंखों से आंसू निकल पड़े। दोनों के बीच काफी अच्छी दोस्ती थी। उन्होंने साथ में ‘शूटआउट एट वडाला’ और ‘काबिल’ जैसी फिल्मों में काम किया था।

भाई रोहित रॉय भी नहीं रोक पाए आंसू

संजय गुप्ता के घर से रोनित रॉय का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह काफी दुखी दिखाई दे रहे हैं। उनके साथ उनके भाई और अभिनेता रोहित रॉय भी मौजूद थे। एक दूसरे वीडियो में रोहित रॉय फूट-फूटकर रोते नजर आए। दोनों भाइयों के चेहरे पर दोस्त को खोने का दर्द साफ दिखाई दे रहा था। सोशल मीडिया पर भी ये वीडियो चर्चा में हैं।

मिलाप जावेरी समेत कई सितारों ने दी श्रद्धांजलि

संजय गुप्ता को अंतिम विदाई देने फिल्ममेकर मिलाप जावेरी भी उनके घर पहुंचे। वह भी इस दौरान काफी भावुक नजर आए। उनके अलावा दिग्गज फिल्ममेकर राकेश रोशन, अभिनेता सुधांशु पांडे और अशोक पंडित ने भी संजय गुप्ता के घर पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। परिवार से मिली जानकारी के मुताबिक, उनका अंतिम संस्कार मुंबई के वर्सोवा में शाम 7:30 बजे किया जाना था।

पुलिस ने दर्ज की एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट

संजय गुप्ता के निधन के मामले में वर्सोवा पुलिस ने एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (ADR) दर्ज की है। पुलिस को शनिवार सुबह उनके निधन की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने घटना से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी। फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर उनके साथ क्या हुआ था।

CCTV में कैद हुई आखिरी हलचल

पुलिस के मुताबिक, घर के सीसीटीवी फुटेज में संजय गुप्ता रात करीब 2 बजे ड्रॉइंग रूम में बैठे दिखाई दिए थे। इसके कुछ देर बाद वह किचन की तरफ गए। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह दीवार से टकराकर गिर पड़े। पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज और घटना से जुड़े दूसरे पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही निधन की परिस्थितियों को लेकर अधिक जानकारी सामने आ सकेगी।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post