ओटीटी प्लेटफॉर्म पर हर हफ्ते नया कंटेंट रिलीज होता है। ऐसे में घर बैठे फिल्में और वेब सीरीज देखने वालों के लिए यह हफ्ता काफी खास रहने वाला है। अमेजन प्राइम वीडियो, नेटफ्लिक्स और जियोहॉटस्टार पर अलग-अलग जॉनर की फिल्में और सीरीज स्ट्रीम होंगी। इनमें इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ से लेकर हॉरर सीरीज ‘कैरी’ तक कई चर्चित नाम शामिल हैं।
आवारापन 2 अब प्राइम पर
इमरान हाशमी और दिशा पटानी स्टारर ‘आवारापन 2’ अब ओटीटी पर स्ट्रीम होने जा रही है। फिल्म पहले से प्राइम वीडियो पर रेंट पर उपलब्ध है, लेकिन 9 अक्टूबर 2026 से यह प्राइम सब्सक्राइबर्स के लिए बिना अलग रेंट के उपलब्ध होगी। अगर फिल्म थिएटर में देखने से रह गई है, तो अब घर बैठे इसे देख सकते हैं।
पति, पत्नी और पंगा लौट रहा
रियलिटी शो ‘पति, पत्नी और पंगा’ का दूसरा सीजन भी इस हफ्ते शुरू होगा। शो का प्रीमियर 10 अक्टूबर 2026 को जियोहॉटस्टार पर होगा। टीवी पर इसे कलर्स चैनल पर शनिवार और रविवार रात 9 बजे देखा जा सकेगा। नए सीजन में फिर रिश्तों, मनोरंजन और ड्रामे का तड़का देखने को मिलेगा।
मंदाडी हिंदी में भी उपलब्ध
तमिल स्टार सूरी की फिल्म ‘मंदाडी’ 8 अक्टूबर 2026 से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी। फिल्म पहले 10 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। खास बात यह है कि इसे सिर्फ तमिल में ही नहीं, बल्कि हिंदी, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में भी देखा जा सकेगा। अलग-अलग भाषाओं के दर्शकों के लिए यह अच्छी खबर है।
हॉरर और थ्रिलर का भी तड़का
हॉरर पसंद करने वालों के लिए ‘कैरी’ 7 अक्टूबर से प्राइम वीडियो पर आएगी। स्टीफन किंग की कहानी पर आधारित इस सीरीज के सभी 8 एपिसोड एक साथ रिलीज होंगे। वहीं ‘बिलो’ नाम की हॉरर-मिस्ट्री सीरीज 8 अक्टूबर से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी। इसमें छोटे समुद्री कस्बे में रहस्यमयी समुद्री जीव के आतंक की कहानी दिखाई गई है।
नेटफ्लिक्स पर भी कई बड़े रिलीज
नेटफ्लिक्स पर इस हफ्ते ‘एनिमल्स’, ‘रिपोर्टिंग लाइव’ और ‘100 डेज ऑफ डिसेप्शन’ जैसी फिल्में और सीरीज आएंगी। बेन एफ्लेक स्टारर ‘एनिमल्स’ 9 अक्टूबर को रिलीज होगी। वहीं परिणीति चोपड़ा की ‘रिपोर्टिंग लाइव’ भी 9 अक्टूबर से स्ट्रीम होगी। कोरियन पीरियड स्पाई-ड्रामा ‘100 डेज ऑफ डिसेप्शन’ 10 अक्टूबर से उपलब्ध होगा। यानी इस हफ्ते दर्शकों के पास एक्शन, हॉरर, थ्रिलर, ड्रामा और रियलिटी कंटेंट के कई विकल्प हैं।