एमएक्स प्लेयर और प्राइम वीडियो के रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल 2’ में शुरुआत के कुछ दिनों में ही बड़ा विवाद खड़ा हो गया। शो के तीसरे एपिसोड में सिवेत तोमर और शहजाद पूनावाला के बीच बहस इतनी बढ़ गई कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। घटना के बाद सिवेत को शो से बाहर कर दिया गया। वहीं, स्वरा भास्कर और करण पटेल ने इस फैसले पर आपत्ति जताते हुए टावर से बाहर जाने का फैसला किया।
कौन हैं सिवेत तोमर, क्यों हैं चर्चा में?
सिवेत तोमर रियलिटी टीवी की दुनिया में पहले से जाना-पहचाना नाम हैं। उन्होंने मॉडलिंग से अपने करियर की शुरुआत की और इसके बाद एमटीवी के कई रियलिटी शोज में नजर आए। ‘रोडीज’ से उन्हें पहचान मिली, जहां वह फर्स्ट रनर-अप रहे। इसके बाद वह ‘स्प्लिट्सविला’ और ‘द 50’ जैसे शोज का हिस्सा भी बने। ‘राइज एंड फॉल 2’ में भी वह शुरुआत से ही मजबूत गेम खेलने वाले कंटेस्टेंट के तौर पर नजर आए।
अल्टीमेट रूलर रेस से शुरू हुआ विवाद
विवाद की शुरुआत ‘अल्टीमेट रूलर’ की रेस के दौरान हुई। इस गेम में रूलर्स को आपसी सहमति से ऐसे सदस्य का नाम चुनना था, जिसे वे कमजोर निर्णय लेने वाला मानते हैं। कई कंटेस्टेंट्स ने सिवेत का नाम लिया। इससे सिवेत नाराज हो गए और उनका गुस्सा खासतौर पर शहजाद पूनावाला पर निकला। दोनों पहले साथ गेम खेलने की बात कर चुके थे, लेकिन इस दौरान उनकी दोस्ती में दरार साफ दिखाई दी।
शहजाद से बहस के बाद बात बिगड़ी
सिवेत ने शहजाद पर साथ न देने का आरोप लगाया और दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। बाद में सिवेत को स्वरा से बातचीत करते देखा गया, जबकि वह पहले उनसे बात न करने की बात कह चुके थे। शहजाद ने इसी बदलते समीकरण पर सवाल उठाया। इसके बाद दोनों के बीच बहस और बढ़ गई और मामला अचानक हाथापाई तक पहुंच गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक सिवेत ने शहजाद की गर्दन पकड़ी और उन्हें नीचे गिरा दिया, जिससे उनके कपड़े भी फट गए।
हिंसा के बाद सिवेत को दिखाया गया बाहर
‘राइज एंड फॉल’ के टावर में शारीरिक हिंसा की अनुमति नहीं है। इसी वजह से मेकर्स ने घटना के बाद सिवेत के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें शो से बाहर कर दिया। सिवेत के एविक्शन पर स्वरा भास्कर और करण पटेल ने सवाल उठाए। दोनों का कहना था कि विवाद बढ़ने में शहजाद की बातों और उकसावे की भी भूमिका थी। इसके बाद दोनों ने सिवेत के साथ टावर छोड़ने का फैसला किया। हालांकि, उनकी अंतिम एविक्शन स्थिति की पुष्टि अगले एपिसोड में होने की बात कही गई है।
अब आगे क्या होगा, बदलेगा पूरा समीकरण?
शो के शुरुआती दिनों में ही हुए इस विवाद ने ‘राइज एंड फॉल 2’ के गेम को नया मोड़ दे दिया है। सिवेत के बाहर होने और स्वरा-करण के विरोध के बाद टावर में मौजूद कंटेस्टेंट्स के बीच समीकरण बदल सकते हैं। इस सीजन को वीरेंद्र सहवाग होस्ट कर रहे हैं और शो में रूलर्स और वर्कर्स के बीच सत्ता का खेल दिखाया जा रहा है। अब आने वाले एपिसोड में यह साफ होगा कि इस विवाद का बाकी कंटेस्टेंट्स की रणनीति पर कितना असर पड़ता है।