साउथ एक्ट्रेस समांथा रुथ प्रभु से जुड़ी प्रेग्नेंसी और गोद भराई की खबरें इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। सामने आई तस्वीरों और पोस्ट के मुताबिक, एक्ट्रेस ने पारंपरिक तरीके से गोद भराई की रस्में पूरी कीं। इस दौरान कई धार्मिक अनुष्ठान किए गए। समांथा ने इन रस्मों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए उनके महत्व के बारे में भी विस्तार से बताया।
परंपराओं से हमेशा जुड़ा रहा है रिश्ता
समांथा ने अपनी पोस्ट में बताया कि वह हमेशा से अपनी परंपराओं और रीति-रिवाजों का सम्मान करती रही हैं। भले ही उन्हें हर रस्म का अर्थ पहले पूरी तरह समझ नहीं आता था, लेकिन मंत्रों के जाप, उनकी ऊर्जा और पीढ़ियों से चली आ रही परंपराओं में उनका विश्वास रहा है। उनके मुताबिक, इन रस्मों के पीछे कोई गहरा आध्यात्मिक अर्थ जरूर होता है।
पंडित ने समझाया हर रस्म का महत्व
एक्ट्रेस के मुताबिक, जब श्री विद्या उपासक पंडित ने उन्हें इन रस्मों के बारे में समझाना शुरू किया, तब उन्हें इनके महत्व का अहसास हुआ। उन्होंने बताया कि पूजा में बोले जाने वाले मंत्रों से लेकर चढ़ाए जाने वाले प्रसाद और हर छोटी प्रक्रिया के पीछे एक उद्देश्य बताया गया। इसी वजह से यह अनुभव उनके लिए काफी खास और भावुक रहा।
कला आवरण रस्म क्यों है खास
समांथा ने कला आवरण यानी श्री कल्पम रस्म के बारे में भी बताया। उनके अनुसार, यह श्री विद्या परंपरा से जुड़ी एक विशेष रस्म है, जिसमें देवी की 94 कलाओं और दिव्य गुणों का सम्मान किया जाता है। होने वाली मां के सात चक्रों के माध्यम से इन शक्तियों को सम्मान देने की मान्यता बताई गई है। पवित्र जल और मंत्रों के जरिए सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया जाता है।
होने वाली मां को देवी मानने की परंपरा
समांथा के अनुसार, इस पूजा का सबसे भावुक हिस्सा वह था, जब होने वाली मां को देवी के स्वरूप में देखा जाता है। इसमें महिला को एक पवित्र रचनाकार माना जाता है, जिसके माध्यम से नई जिंदगी दुनिया में आने वाली है। इस रस्म को मां और गर्भ में पल रहे बच्चे, दोनों के लिए आशीर्वाद से जोड़कर देखा जाता है।
पीले लुक में बेहद खूबसूरत दिखीं
गोद भराई की तस्वीरों में समांथा पीले रंग के अनारकली सूट में नजर आईं। उन्होंने इस लुक के साथ काफी सिंपल और नेचुरल मेकअप रखा। इसके बाद की रस्मों के लिए उन्होंने पीले रंग की बनारसी साड़ी पहनी। ट्रेडिशनल लुक में एक्ट्रेस बेहद खूबसूरत नजर आईं और उनकी तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर फैंस का ध्यान खींचा।