अक्षय कुमार इन दिनों अपनी कई अपकमिंग फिल्मों को लेकर सुर्खियों में हैं। उनकी फिल्म ‘हैवान’ जल्द ही सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। फिल्म का ट्रेलर सामने आने के बाद फैंस के बीच इसका जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। खास बात यह है कि ‘हैवान’ में अक्षय के साथ सैफ अली खान भी नजर आएंगे। दोनों को एक साथ पर्दे पर देखने के लिए दर्शक काफी उत्साहित हैं।
Samuk की स्टारकास्ट को लेकर आया नया अपडेट
इसी बीच अक्षय कुमार की साइंस-फिक्शन एलियन सर्वाइवल-एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘Samuk’ को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की स्टारकास्ट में अब अभिनेता विनीत कुमार की एंट्री हो गई है। विनीत कुमार को ‘मुक्काबाज’ और ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ जैसी फिल्मों में उनके दमदार अभिनय के लिए जाना जाता है। बताया जा रहा है कि वह फिल्म में एक अहम भूमिका निभा सकते हैं।
विनीत कुमार के रोल को लेकर सस्पेंस बरकरार
फिल्म में विनीत कुमार का किरदार कैसा होगा, इसे लेकर मेकर्स ने अभी ज्यादा जानकारी शेयर नहीं की है। हालांकि, माना जा रहा है कि उनका रोल कहानी के लिहाज से महत्वपूर्ण होगा। फिल्म का निर्देशन कनिष्क वर्मा कर रहे हैं। ‘Samuk’ को बड़े स्तर पर तैयार किया जा रहा है और इसकी कहानी साइंस-फिक्शन और एलियन सर्वाइवल के इर्द-गिर्द घूमती नजर आएगी।
खास वजह से विनीत को मिला यह किरदार
सूत्रों के मुताबिक, निर्देशक कनिष्क वर्मा को विनीत कुमार के अभिनय में मौजूद रॉनेस और फिजिकलिटी काफी पसंद आई। इस किरदार के लिए ऐसे अभिनेता की जरूरत थी, जो बिना ज्यादा दिखावे के अपने अभिनय से गहराई और इंटेंसिटी ला सके। माना जा रहा है कि विनीत इस भूमिका के लिए बिल्कुल फिट बैठे और इसी वजह से उन्हें फिल्म का हिस्सा बनाया गया।
अक्षय के साथ बड़े मिशन पर दिखेंगे विनीत
सूत्र ने यह भी बताया कि ‘Samuk’ की कास्टिंग के पीछे मेकर्स की एक खास क्रिएटिव सोच है। वे केवल जाने-पहचाने चेहरों पर निर्भर नहीं रहना चाहते, बल्कि ऐसे कलाकारों को शामिल कर रहे हैं जो फिल्म की अलग दुनिया को विश्वसनीय बना सकें। विनीत अपने किरदारों में पूरी तरह ढलने के लिए जाने जाते हैं। फिल्म में उनका किरदार अक्षय कुमार के साथ एक बड़े मिशन का हिस्सा होगा और दोनों के बीच एक मजबूत रिश्ता देखने को मिल सकता है।
2027 में रिलीज हो सकती है Samuk
‘Samuk’ को एक बड़े जॉनर-बेस्ड थिएट्रिकल प्रोजेक्ट के तौर पर तैयार किया जा रहा है। फिल्म की कहानी, किरदारों और विजुअल ट्रीटमेंट को लेकर दर्शकों में अभी से उत्सुकता बनी हुई है। हालांकि रिलीज डेट की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है, लेकिन रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म के 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होने की उम्मीद है।