‘Mirzapur The Movie’ ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया तहलका, 3 दिन में 93.75 करोड़, सोमवार तक 100 करोड़ पार

पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु की पॉपुलर वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ का भौकाल अब बड़े पर्दे पर भी देखने को मिल रहा है। सीरीज के तीन सीजन के बाद आई ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त शुरुआत की। 4 सितंबर को रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले वीकेंड में ही शानदार कमाई कर मेकर्स और फैंस को खुश कर दिया है।

पहले दिन से ही कमाई ने पकड़ी रफ्तार

फिल्म ने ओपनिंग डे पर करीब 25.75 करोड़ रुपये नेट कमाए। शनिवार को कमाई में 24 फीसदी से ज्यादा का उछाल आया और फिल्म ने 32 करोड़ रुपये बटोरे। रविवार को कलेक्शन और बढ़ा और फिल्म ने करीब 36 करोड़ रुपये कमाए। इस तरह तीन दिनों में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का नेट कलेक्शन 93.75 करोड़ रुपये पहुंच गया। वर्ल्डवाइड ग्रॉस कमाई 132.35 करोड़ रुपये रही।

2026 की बड़ी हिंदी ओपनर्स में शामिल

पहले दिन करीब 25.50 करोड़ रुपये के हिंदी कलेक्शन के साथ ‘मिर्जापुर द मूवी’ 2026 की बड़ी हिंदी ओपनिंग वाली फिल्मों में शामिल हो गई। इस लिस्ट में ‘धुरंधर 2’, ‘टॉक्सिक’ और ‘बॉर्डर 2’ उससे आगे हैं। वहीं पहले वीकेंड की कमाई में भी फिल्म हिंदी फिल्मों की लिस्ट में चौथे स्थान पर पहुंच गई है। फिल्म ने तीन दिनों में करीब 93 करोड़ रुपये का हिंदी कलेक्शन किया।

एक्सेल एंटरटेनमेंट की सबसे बड़ी ओपनर

फिल्म ने प्रोड्यूसर फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी की कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट के लिए भी नया रिकॉर्ड बनाया है। करीब 25.50 करोड़ रुपये की हिंदी ओपनिंग के साथ यह कंपनी की सबसे बड़ी ओपनर बन गई। फिल्म ने अक्षय कुमार की ‘गोल्ड’ को पीछे छोड़ा, जिसने 25.25 करोड़ रुपये की शुरुआत की थी। ‘गली बॉय’ और ‘रईस’ जैसी फिल्मों के शुरुआती कलेक्शन भी इससे कम रहे।

वीकेंड कलेक्शन में भी बनाया नया रिकॉर्ड

सिर्फ ओपनिंग डे ही नहीं, बल्कि पहले वीकेंड की कमाई में भी ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने एक्सेल एंटरटेनमेंट की पुरानी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। शाहरुख खान की ‘रईस’, ‘डॉन’ और ‘डॉन 2’, ऋतिक रोशन की ‘जिंदगी मिलेगी न दोबारा’ और रणवीर सिंह की ‘दिल धड़कने दो’ और ‘गली बॉय’ जैसी फिल्मों के मुकाबले फिल्म ने बेहतर वीकेंड कलेक्शन दर्ज किया।

100 करोड़ क्लब में भी बनाई जगह

‘मिर्जापुर द मूवी’ 2026 की 100 करोड़ रुपये कमाने वाली बॉलीवुड फिल्मों की लिस्ट में भी शामिल हो गई है। तीन दिनों में ही फिल्म की वर्ल्डवाइड कमाई 100 करोड़ पार कर गई थी, जबकि घरेलू बॉक्स ऑफिस पर सोमवार की कमाई जोड़ने के बाद फिल्म ने यह आंकड़ा पार किया। अब नजर इस बात पर है कि कालीन भैया, गुड्डू भैया और मुन्ना भैया की यह कहानी बॉक्स ऑफिस पर आगे कितनी बड़ी कमाई करती है।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post