जिस मैच में अभिषेक शर्मा बल्लेबाजी कर रहे हों, वहां उनसे ज्यादा तेज रन बनाना आसान नहीं होता। लेकिन शेर-ए-पंजाब टी20 लीग में नमन धीर ने यह कारनामा कर दिखाया। अमृतसर सूरमा के लिए खेलते हुए नमन ने 56 गेंदों में 117 रन ठोक दिए। वहीं अभिषेक शर्मा ने 36 गेंदों में 82 रन बनाए। दोनों ने मिलकर गेंदबाजों की जमकर खबर ली।
264 रन बनाकर अमृतसर ने मचाई सनसनी
अमृतसर सूरमा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 264 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। टीम की शुरुआत जरूर खराब रही और विकेटकीपर सहज धवन सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद अभिषेक शर्मा और नमन धीर ने मोर्चा संभाल लिया। दोनों की तूफानी बल्लेबाजी के आगे जालंधर वॉरियर्स के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए।
अभिषेक ने 21 गेंदों में जड़ा अर्धशतक
अभिषेक शर्मा ने शुरुआत में थोड़ा समय लिया, लेकिन इसके बाद उनका बल्ला जमकर गरजा। उन्होंने सिर्फ 21 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। अपनी पारी के दौरान अभिषेक ने 4 छक्के और 5 चौके भी लगाए। इसके बाद उन्होंने लगातार बड़े शॉट खेलते हुए 36 गेंदों में 82 रन बना डाले। उनकी बल्लेबाजी ने एक बार फिर फैंस को रोमांचित कर दिया।
नमन धीर ने 53 गेंदों में ठोका शतक
दूसरी तरफ नमन धीर का अंदाज भी बेहद आक्रामक रहा। उन्होंने सिर्फ 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और 53 गेंदों में शतक जड़ दिया। नमन ने 56 गेंदों में 117 रनों की शानदार पारी खेली। अभिषेक और नमन ने मिलकर 71 गेंदों में 151 रनों की जबरदस्त साझेदारी की। दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर 17 छक्के लगाए।
जश्नप्रीत ने भी लगाए ताबड़तोड़ शॉट
अमृतसर की पारी में सिर्फ अभिषेक और नमन ही नहीं, बल्कि जश्नप्रीत सिंह ने भी शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने महज 12 गेंदों में 33 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 6 चौके-छक्के लगाए। टीम ने पूरी पारी में कुल 21 छक्के जड़े। इस तरह अमृतसर सूरमा ने 20 ओवर में 264 रन बनाकर मुकाबले को पूरी तरह हाई-स्कोरिंग बना दिया।
लीग में शानदार फॉर्म में हैं अभिषेक
अभिषेक शर्मा के लिए हालिया टी20 मैचों में बल्ला उम्मीद के मुताबिक नहीं चला था। जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में वह तीन मैचों में सिर्फ 11 रन बना सके थे। इंग्लैंड में भी उनका प्रदर्शन खास नहीं रहा। हालांकि, शेर-ए-पंजाब टी20 लीग में उन्होंने लगातार दो मैचों में तूफानी अर्धशतक लगाकर फॉर्म में लौटने के संकेत दिए हैं। अब सभी की नजरें अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज में उनके प्रदर्शन पर रहेंगी।