‘मुंज्या’ और ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ में अपनी एक्टिंग से पहचान बनाने वाले अभय वर्मा अब बड़े पर्दे पर एक और बड़ी छलांग लगाने जा रहे हैं। वह शाहरुख खान और निर्देशक सिद्धार्थ आनंद की मेगा बजट एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘किंग’ का हिस्सा हैं। TV9 हिंदी डिजिटल से बातचीत में अभय ने बताया कि इस फिल्म में उनका चयन उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा था।
शाहरुख ने खुद की थी अभय की तारीफ
अभय ने बताया कि जब उन्हें पता चला कि शाहरुख खान ने उनका काम देखा है और निर्देशक सिद्धार्थ आनंद से उन्हें फिल्म में लेने की बात कही, तो उन्हें यकीन ही नहीं हुआ। अभय के मुताबिक, शाहरुख ने उनके ‘मुंज्या’ वाले किरदार को पसंद किया और माना कि वह इस रोल के लिए सही कलाकार हैं। अभय ने इसे अपनी जिंदगी की बड़ी उपलब्धि और आशीर्वाद बताया।
किंग खान के साथ काम करना बड़ी सीख
अभय के लिए शाहरुख खान के साथ काम करना सिर्फ एक्टिंग सीखने का मौका नहीं है। उन्होंने बताया कि शाहरुख सेट पर हर व्यक्ति के साथ जिस तरह सम्मान और गर्मजोशी से पेश आते हैं, उससे भी बहुत कुछ सीखने को मिलता है। अभय के मुताबिक, शाहरुख का हर शॉट को बेहतर बनाने पर ध्यान और दूसरों के किरदारों को निखारने की कोशिश उन्हें खास बनाती है।
फिल्म में दिखेगा अभय का बिल्कुल अलग अंदाज
अभय ने संकेत दिया है कि ‘किंग’ में दर्शकों को उनका ऐसा अवतार देखने को मिलेगा, जो उनके पिछले किरदारों से काफी अलग होगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म एक हाई-ऑक्टेन इंटरनेशनल एक्शन थ्रिलर है। इसमें शाहरुख खान बेहद डार्क और खतरनाक किरदार में नजर आएंगे। सुहाना खान और अभिषेक बच्चन भी फिल्म में अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
कहानी में अहम मोड़ लाएगा अभय का किरदार
फिल्म से जुड़े मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अभय वर्मा का किरदार कहानी के लिए काफी महत्वपूर्ण होगा और एक बड़ा टर्निंग पॉइंट लेकर आएगा। हालांकि उनके किरदार की पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। फिल्म बड़े इंटरनेशनल स्तर पर शूट की जा रही है और इसमें भारी वीएफएक्स के साथ शानदार एक्शन और स्टंट्स देखने को मिलेंगे।
टीवी से ‘किंग’ तक अभय का शानदार सफर
‘किंग’ की रिलीज 24 दिसंबर 2026 को तय बताई गई है। अभय का कहना है कि इतने बड़े स्तर की फिल्म को तैयार होने में समय लगता है और मेकर्स कुछ ऐसा दिखाना चाहते हैं, जो पहले नहीं देखा गया हो। बचपन में ऋतिक रोशन के गाने कॉपी करने से लेकर ‘सुपर 30’ में जूनियर आर्टिस्ट बनने और अब शाहरुख के साथ बड़े प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने तक अभय का सफर तेजी से आगे बढ़ा है।