हिंदी सिनेमा के मशहूर फिल्ममेकर कुकू कोहली का मंगलवार को 77 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में आखिरी सांस ली। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन इलाज के बावजूद उनकी हालत अचानक गंभीर हो गई।
हार्ट अटैक बना मौत की वजह
कुकू कोहली के निधन की पुष्टि उनके करीबी दोस्त और फिल्ममेकर अशोक पंडित ने की। उन्होंने बताया कि कुकू को अचानक हार्ट अटैक आया था। कुकू कोहली लंबे समय से फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा थे और उनकी गिनती हिंदी सिनेमा के चर्चित निर्देशकों में होती थी। उनके निधन से फिल्म जगत में शोक की लहर है।
अजय देवगन को दिया पहला बड़ा ब्रेक
कुकू कोहली का नाम अजय देवगन के करियर से खास तौर पर जुड़ा रहा। उन्होंने 1991 में फिल्म ‘फूल और कांटे’ से निर्देशन की शुरुआत की। यही फिल्म अजय देवगन की बतौर लीड एक्टर पहली फिल्म थी। दो चलती मोटरसाइकिलों पर पैर रखकर अजय की एंट्री वाला सीन आज भी बॉलीवुड के सबसे यादगार दृश्यों में गिना जाता है।
अजय और अक्षय की जोड़ी भी बनाई
‘फूल और कांटे’ की सफलता के बाद कुकू कोहली ने कई चर्चित फिल्मों का निर्देशन किया। 1994 में आई ‘सुहाग’ में पहली बार अजय देवगन और अक्षय कुमार साथ नजर आए थे। इसके बाद उन्होंने ‘हकीकत’, ‘जुल्मी’, ‘अनाड़ी नंबर 1’ और ‘ये दिल आशिकाना’ जैसी फिल्मों से अपनी अलग पहचान बनाई। उनकी आखिरी निर्देशित फिल्म ‘वो तेरा नाम था’ 2004 में रिलीज हुई थी।
राज कपूर के साथ भी किया काम
निर्देशन में पहचान बनाने से पहले कुकू कोहली ने दिग्गज फिल्ममेकर राज कपूर के साथ काम किया था। उन्होंने ‘बॉबी’, ‘प्रेम रोग’ और ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ जैसी फिल्मों से जुड़े प्रोजेक्ट्स में काम करते हुए फिल्म निर्माण की बारीकियां सीखीं। बाद में उन्होंने निर्देशन के साथ लेखन, एडिटिंग और स्क्रीनप्ले के क्षेत्र में भी काम किया।
पीछे छोड़ गए पत्नी और दो बेटियां
कुकू कोहली की शादी मशहूर अभिनेत्री अरुणा ईरानी से हुई थी। उनकी पहली शादी रीता कोहली से हुई थी, जिससे उनकी दो बेटियां पूजा और करिश्मा हैं। कुकू कोहली के निधन के साथ हिंदी सिनेमा ने ऐसे फिल्ममेकर को खो दिया, जिसने 90 के दशक के कमर्शियल सिनेमा को अपनी फिल्मों और कलाकारों के जरिए खास पहचान दी।