एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) ने विमेंस एशिया कप 2026 का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। यह टूर्नामेंट 28 अगस्त से यूएई में खेला जाएगा। इस बार कुल 8 टीमें खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी। क्रिकेट फैंस के लिए सबसे बड़ी खबर यह है कि भारत और पाकिस्तान की महिला टीमें एक बार फिर आमने-सामने होंगी। दोनों को एक ही ग्रुप में रखा गया है, जिससे ग्रुप स्टेज में रोमांचक मुकाबला तय हो गया है।
5 सितंबर को होगा हाई-वोल्टेज मुकाबला
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 30 अगस्त को थाईलैंड के खिलाफ करेगी। इसके बाद 3 सितंबर को उसका मुकाबला हॉन्ग कॉन्ग-चीन से होगा। ग्रुप स्टेज का सबसे बड़ा मैच 5 सितंबर को खेला जाएगा, जब भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों देशों के बीच मुकाबले का इंतजार हमेशा क्रिकेट फैंस को रहता है और इस बार भी इस मैच पर सभी की नजरें रहेंगी।
दोनों ग्रुप में कौन-कौन सी टीमें?
टूर्नामेंट में भारत, पाकिस्तान, थाईलैंड और हॉन्ग कॉन्ग-चीन को ग्रुप A में रखा गया है। वहीं ग्रुप B में श्रीलंका, बांग्लादेश, यूएई और इंडोनेशिया की टीमें शामिल हैं। टूर्नामेंट का पहला मैच 28 अगस्त को थाईलैंड और हॉन्ग कॉन्ग-चीन के बीच खेला जाएगा। दोनों ग्रुप से शीर्ष दो-दो टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी, जिसके बाद खिताब की जंग और भी रोमांचक हो जाएगी।
फाइनल में फिर हो सकती है भिड़ंत
अगर भारत और पाकिस्तान अपनी-अपनी टीमों के साथ अच्छा प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक पहुंचती हैं, तो दोनों के बीच दूसरी बार भी मुकाबला देखने को मिल सकता है। टूर्नामेंट का फाइनल 13 सितंबर को खेला जाएगा। हालांकि पाकिस्तान की महिला टीम का हालिया प्रदर्शन बहुत प्रभावशाली नहीं रहा है, इसलिए फाइनल तक पहुंचना उसके लिए आसान नहीं होगा। फिर भी अगर ऐसा होता है तो क्रिकेट फैंस को एक ही टूर्नामेंट में भारत-पाकिस्तान के दो बड़े मुकाबले देखने का मौका मिल सकता है।