World Cup जीतने वाले फुटबॉलर की बदली किस्मत! मजबूरी में 2018 का गोल्ड मेडल बेचा, करोड़ों की कानूनी लड़ाई ने तोड़ा सपना

फ्रांस के पूर्व फुटबॉलर और 2018 फीफा वर्ल्ड कप विजेता टीम के सदस्य बेंजामिन मेंडी ने अपना वर्ल्ड कप विजेता मेडल नीलाम कर दिया है। 32 वर्षीय डिफेंडर का यह मेडल ऑक्शन हाउस के जरिए करीब 46 हजार यूरो (लगभग 50 लाख रुपये) में बिका। इस फैसले ने फुटबॉल जगत और फैंस को हैरान कर दिया है।

कानूनी लड़ाई पड़ी भारी

बेंजामिन मेंडी पर साल 2021 में कई गंभीर आरोप लगे थे। खुद को बेगुनाह साबित करने के लिए उन्हें लंबी कानूनी लड़ाई लड़नी पड़ी। इस दौरान उनकी आर्थिक स्थिति काफी खराब हो गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, केस लड़ने में उन्हें करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ और आर्थिक संकट से बचने के लिए उन्हें अपनी कई कीमती चीजें बेचनी पड़ीं।

घर और लग्जरी सामान भी बेचा

कानूनी खर्चों को पूरा करने के लिए मेंडी ने अपना मकान, सुपरकार और महंगी घड़ियां तक बेच दीं। बताया जाता है कि उन्हें 13 करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ। इतना ही नहीं, दिवालिया होने से बचने के लिए उन्होंने चेशर स्थित अपना आलीशान घर भी बिक्री के लिए रख दिया था। अब वर्ल्ड कप मेडल की नीलामी भी उसी मुश्किल दौर का हिस्सा मानी जा रही है।

कभी थे सबसे महंगे डिफेंडर

बेंजामिन मेंडी ने ले हावरे, मार्सिले और मोनाको जैसे क्लबों में शानदार प्रदर्शन किया था। साल 2017 में मैनचेस्टर सिटी ने उन्हें 58 मिलियन यूरो में साइन किया था, जिससे वह उस समय दुनिया के सबसे महंगे डिफेंडरों में शामिल हो गए थे। लेकिन 2021 में लगे आरोपों के बाद उनका करियर पूरी तरह पटरी से उतर गया।

कोर्ट से मिली राहत

करीब दो साल तक चली कानूनी प्रक्रिया के बाद जुलाई 2023 में अदालत ने मेंडी को सभी आरोपों से बरी कर दिया। इसके बाद उन्होंने फुटबॉल में वापसी की कोशिश की और कई क्लबों के लिए खेले। हालांकि, वह पहले जैसी पहचान और फॉर्म हासिल नहीं कर सके।

अब पोलैंड में खेल रहे हैं

फिलहाल बेंजामिन मेंडी पोलैंड के क्लब पोगोन स्ज़ेसिन के लिए खेल रहे हैं। यहां वह पहले की तुलना में काफी कम वेतन पर खेल रहे हैं और शांत जीवन जी रहे हैं। कभी विश्व कप जीतने वाला और दुनिया का सबसे महंगा डिफेंडर रहा खिलाड़ी आज पूरी तरह अलग परिस्थितियों में अपना करियर आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहा है।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post