पेपर लीक मामलों की सुनवाई के लिए बनाई गई स्पेशल फास्ट ट्रैक कोर्ट में बड़ा बदलाव हुआ है। अब तक इन मामलों की सुनवाई कर रहीं स्पेशल जज अनु ग्रोवर बालिगा का तबादला कर दिया गया है। उनकी जगह अब स्पेशल जज अजय गुप्ता पेपर लीक से जुड़े मामलों की सुनवाई करेंगे। यह फैसला दिल्ली हाईकोर्ट के बड़े स्तर पर किए गए न्यायिक तबादलों का हिस्सा है।
138 जजों का हुआ ट्रांसफर
दिल्ली हाईकोर्ट ने दिल्ली हायर ज्यूडिशियल सर्विस (DHJS) के 138 जजों के तबादले और नई नियुक्तियों का आदेश जारी किया है। इनमें 13 जजों को राउज एवेन्यू स्थित स्पेशल कोर्ट में तैनात किया गया है। ये अदालतें यूएपीए (UAPA), एनआईए (NIA), एनडीपीएस (NDPS) और एमसीओसीए (MCOCA) जैसे गंभीर मामलों की सुनवाई करेंगी।
राउज एवेन्यू में नई NIA कोर्ट
हाईकोर्ट ने छह जजों को स्पेशल एक्सक्लूसिव NIA कोर्ट के लिए भी नियुक्त किया है। इनमें अनु ग्रोवर बालिगा, विकास ढुल, प्रशांत शर्मा, अमित बंसल, किरण बंसल और पुलस्त्य प्रमाचल शामिल हैं। ये सभी जज 4 अगस्त से राउज एवेन्यू कोर्ट में अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे। यहां हाल ही में नई NIA कोर्ट बनाई गई हैं, जिनका उद्घाटन भी किया जाएगा।
अब यहीं होंगे बड़े मामलों की सुनवाई
पहले NIA कोर्ट पटियाला हाउस कोर्ट परिसर में चलती थीं, जबकि MCOCA और NDPS से जुड़े मामले अलग-अलग जिला अदालतों में सुने जाते थे। अब इन सभी अदालतों को राउज एवेन्यू कोर्ट में शिफ्ट कर दिया गया है। इससे गंभीर मामलों की सुनवाई एक ही परिसर में हो सकेगी और प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित बनाने की कोशिश की गई है।
पेपर लीक के लिए बनी खास अदालत
हाल ही में दिल्ली हाईकोर्ट ने NEET पेपर लीक और अन्य सार्वजनिक परीक्षाओं में गड़बड़ी से जुड़े मामलों की सुनवाई के लिए विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाई थी। इस अदालत का मकसद केवल पेपर लीक और सार्वजनिक परीक्षाओं में अनुचित तरीकों से जुड़े आपराधिक मामलों की तेजी से सुनवाई करना है, ताकि ऐसे मामलों में जल्द फैसला हो सके।
विरोध के बाद उठाया गया कदम
देशभर में पेपर लीक मामलों और छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बाद सरकार और न्यायपालिका ने इस दिशा में तेजी से कदम उठाए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पेपर लीक मामलों की जल्द सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने की बात कही थी। अब नए जज की नियुक्ति के साथ उम्मीद की जा रही है कि इन मामलों की सुनवाई और तेज होगी।