‘Loka’ से छाईं कल्याणी प्रियदर्शन, अब रणवीर सिंह की 300 करोड़ की ‘प्रलय’ में आएंगी नजर, दिखेगा दमदार एक्शन अवतार

मलयालम सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री कल्याणी प्रियदर्शन अब बॉलीवुड में कदम रखने जा रही हैं। वह रणवीर सिंह की बिग बजट फिल्म ‘प्रलय’ से हिंदी फिल्मों में डेब्यू करेंगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह फिल्म एक बड़े पैमाने पर बनने वाली जॉम्बी एक्शन ड्रामा होगी, जिसमें कल्याणी का किरदार पहले से बिल्कुल अलग और दमदार अंदाज में देखने को मिलेगा।

एक्शन से भरपूर होगा किरदार

‘प्रलय’ में कल्याणी किसी कमजोर या संकट में फंसी महिला की भूमिका में नहीं होंगी। इसके बजाय वह खतरनाक एक्शन सीक्वेंस और हाई-ऑक्टेन स्टंट करती नजर आएंगी। खास बात यह है कि फिल्म के लिए उन्हें इंटरनेशनल स्टंट एक्सपर्ट्स से ट्रेनिंग दी जाएगी। रणवीर सिंह भी उनके साथ एक्शन की तैयारी करेंगे, ताकि पर्दे पर दोनों की केमिस्ट्री और एक्शन शानदार दिखे।

शूटिंग और रणवीर का प्लान

फिल्म की शूटिंग अगले महीने शुरू होने की संभावना है। रिपोर्ट्स के अनुसार, रणवीर सिंह पहले शेड्यूल की शूटिंग दिवाली तक पूरी करेंगे। इसके बाद वह पत्नी दीपिका पादुकोण के साथ समय बिताने और दूसरे बच्चे के जन्म के चलते पैटरनिटी ब्रेक लेंगे। ब्रेक खत्म होने के बाद साल 2027 में फिल्म का दूसरा शेड्यूल शुरू किया जाएगा।

300 करोड़ का बड़ा दांव

‘प्रलय’ का बजट करीब 300 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। फिल्म में बड़े स्तर के एक्शन, वीएफएक्स और शानदार विजुअल्स देखने को मिलेंगे। इसे हंसल मेहता के ट्रू स्टोरी फिल्म्स और रणवीर सिंह के मा कसम फिल्म्स मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं। वहीं, फिल्म का निर्देशन जय मेहता कर रहे हैं।

‘लोका’ के बाद बढ़ी लोकप्रियता

कल्याणी प्रियदर्शन ने मलयालम फिल्म ‘लोका: चैप्टर 1 चंद्रा’ से जबरदस्त पहचान बनाई। यह फिल्म दुनियाभर में मलयालम सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल रही। इसी फिल्म में उनके दमदार एक्शन की काफी तारीफ हुई थी। अब माना जा रहा है कि ‘प्रलय’ में भी वह उसी अंदाज को और बड़े स्तर पर पेश करेंगी।

‘लोका: चैप्टर 2’ की भी तैयारी

बॉलीवुड डेब्यू के साथ-साथ कल्याणी अपनी मलयालम फ्रेंचाइजी ‘लोका: चैप्टर 2’ में भी नजर आएंगी। यह फिल्म टोविनो थॉमस के किरदार के इर्द-गिर्द घूमेगी, जबकि दिलकर सलमान इसमें अहम भूमिका निभाने के साथ इसे प्रोड्यूस भी करेंगे। कल्याणी ने हाल ही में उम्मीद जताई कि फिल्म का काम सितंबर तक शुरू हो सकता है। बताया जा रहा है कि ‘लोका’ फ्रेंचाइजी कुल पांच भागों में बनाई जाएगी।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post