रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है। इस बार पहली बार हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम और बांग्ला भाषा में ‘बिग बॉस’ के नए सीजन एक साथ शुरू होंगे। यह मेगा लॉन्च सितंबर 2026 के फेस्टिव सीजन में होगा। सभी सीजन टीवी के साथ-साथ जियोहॉटस्टार पर भी स्ट्रीम किए जाएंगे। इससे देशभर के दर्शकों को एक ही समय पर अपने पसंदीदा शो का मजा मिलेगा।
हर भाषा में दिखेंगे बड़े होस्ट
इस बार भी हर भाषा में बड़े सितारे शो की कमान संभालेंगे। हिंदी में सलमान खान, तमिल में विजय सेतुपति, तेलुगु में नागार्जुन, कन्नड़ में किच्चा सुदीप और मलयालम में मोहनलाल होस्ट की भूमिका निभाएंगे। वहीं सबसे बड़ा सरप्राइज बांग्ला संस्करण में देखने को मिलेगा, जहां पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली पहली बार ‘बिग बॉस बांग्ला’ को होस्ट करेंगे।
24 घंटे लाइव रहेगा शो
इस बार दर्शकों को पहले से ज्यादा इंटरैक्टिव अनुभव मिलेगा। जियोहॉटस्टार पर शो की 24×7 लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध होगी। इसके अलावा फैंस लाइव वोटिंग और चैट के जरिए कंटेस्टेंट्स के गेम पर भी असर डाल सकेंगे। यानी दर्शक सिर्फ शो देखेंगे ही नहीं, बल्कि गेम का हिस्सा भी बनेंगे।
रिकॉर्ड तोड़ चुकी है फ्रेंचाइजी
पिछले साल ‘बिग बॉस’ को जबरदस्त सफलता मिली थी। साल 2025 में इस फ्रेंचाइजी ने 500 मिलियन (50 करोड़) से ज्यादा दर्शकों तक पहुंच बनाई। वहीं शो को 438 बिलियन से अधिक मिनट तक देखा गया। जियोहॉटस्टार के मुताबिक, हर 10 में से 6 दर्शक शो की 24 घंटे लाइव फीड देखना पसंद करते हैं। यही वजह है कि यह देश का सबसे लोकप्रिय रियलिटी शो बना हुआ है।
फेस्टिव सीजन में बड़ा दांव
जियोहॉटस्टार का मानना है कि त्योहारों के दौरान लोग सबसे ज्यादा मनोरंजन देखते हैं। ऐसे में ‘बिग बॉस’ एक साथ 200 मिलियन से ज्यादा हिंदी भाषी और 300 मिलियन से अधिक दक्षिण भारतीय दर्शकों को जोड़ने का काम करेगा। कंपनी को उम्मीद है कि इस बार शो पहले के सभी रिकॉर्ड तोड़ सकता है।
खास किताब भी हुई लॉन्च
इस बड़े ऐलान के साथ जियोहॉटस्टार ने ‘India’s Big Reality’ नाम की एक खास कॉफी टेबल बुक भी लॉन्च की है। इसमें ‘बिग बॉस’ के पिछले दो दशकों के सफर और उसकी लोकप्रियता को दिखाया गया है। कुल मिलाकर सितंबर 2026 से दर्शकों को मनोरंजन, ड्रामा और जबरदस्त ट्विस्ट का डबल नहीं, बल्कि छह गुना डोज मिलने वाला है।