लहसुन को सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है, लेकिन क्या इसे रोज खाने से कैंसर से बचा जा सकता है? यह सवाल अक्सर लोगों के मन में आता है। कई लोग घरेलू नुस्खों पर भरोसा करते हुए रोज लहसुन खाने लगते हैं। हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि लहसुन को कैंसर का इलाज या पूरी तरह बचाव का तरीका मानना सही नहीं है। अब तक ऐसा कोई पुख्ता वैज्ञानिक प्रमाण नहीं मिला है जो इसे कैंसर का इलाज साबित करता हो।
एक्सपर्ट ने क्या कहा?
एक्सपर्ट के अनुसार, लहसुन में विटामिन बी, विटामिन सी, एलिसिन और एस-एल-एल सिस्टीन जैसे कई पोषक तत्व पाए जाते हैं। इनमें एंटीऑक्सीडेंट, एंटीमाइक्रोबियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो शरीर की सेहत के लिए फायदेमंद हैं। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि लहसुन अकेले कैंसर का इलाज कर सकता है।
क्या रिसर्च में मिला फायदा?
कुछ वैज्ञानिक अध्ययनों में यह जरूर सामने आया है कि सप्ताह में लगभग 5 से 10 ग्राम या उससे अधिक लहसुन खाने वाले लोगों में पेट और कुछ प्रकार के कोलोरेक्टल कैंसर का खतरा थोड़ा कम देखा गया। हालांकि, विशेषज्ञ साफ कहते हैं कि यह केवल संभावित संबंध है, न कि इलाज। इसलिए कैंसर से बचाव के लिए केवल लहसुन पर निर्भर रहना सही नहीं है।
इम्यूनिटी बढ़ाने में मददगार
लहसुन में मौजूद एलिसिन, फ्लेवोनॉयड्स और एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाने में मदद करते हैं। एलिसिन बैक्टीरिया, वायरस और फंगस के खिलाफ काम करता है। यही वजह है कि लहसुन का सेवन सर्दी-जुकाम जैसी सामान्य समस्याओं से बचाव में भी फायदेमंद माना जाता है।
दिल की सेहत के लिए भी अच्छा
लहसुन ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में भी मदद कर सकता है। यह शरीर में नाइट्रिक ऑक्साइड के उत्पादन को बढ़ाने में सहायक माना जाता है, जिससे रक्त वाहिकाएं रिलैक्स होती हैं और ब्लड प्रेशर नियंत्रित रहने में मदद मिलती है। कुछ शोध यह भी बताते हैं कि लहसुन खराब कोलेस्ट्रॉल (LDL) को कम करने और ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस घटाने में सहायक हो सकता है।
संतुलित जीवनशैली सबसे जरूरी
विशेषज्ञों का कहना है कि लहसुन एक पौष्टिक खाद्य पदार्थ है और इसे संतुलित आहार का हिस्सा बनाया जा सकता है। लेकिन कैंसर से बचाव के लिए सिर्फ लहसुन पर भरोसा करना सही नहीं है। स्वस्थ खानपान, नियमित व्यायाम, धूम्रपान और शराब से दूरी, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच और डॉक्टर की सलाह ही कैंसर से बचाव के सबसे प्रभावी उपाय हैं।