Korean Beauty का सबसे बड़ा सीक्रेट! क्या राइस वॉटर पीने से चेहरे पर आता है नेचुरल ग्लो? जानिए एक्सपर्ट ने बताया पूरा सच

कोरियन ब्यूटी सीक्रेट्स की बात आते ही चावल के पानी यानी राइस वॉटर का नाम सबसे पहले लिया जाता है। पहले इसे केवल चेहरे पर लगाया जाता था, लेकिन अब कई लोग इसे पीना भी शुरू कर चुके हैं। माना जाता है कि इससे शरीर को हाइड्रेशन मिलता है और स्किन अंदर से हेल्दी व ग्लोइंग दिख सकती है। हालांकि, इसके सभी दावों के पीछे मजबूत वैज्ञानिक प्रमाण अभी उपलब्ध नहीं हैं।

एक्सपर्ट ने क्या बताया?

त्वचा विशेषज्ञ डॉ. आरजू पाहवा के अनुसार, चावल के पानी में कुछ अमीनो एसिड, विटामिन और एंटीऑक्सीडेंट तत्व पाए जाते हैं। ये त्वचा को शांत रखने और हल्की सूजन कम करने में मदद कर सकते हैं। यही कारण है कि राइस वॉटर को लंबे समय से एक प्राकृतिक स्किन केयर उपाय के रूप में इस्तेमाल किया जाता रहा है।

स्किन के लिए कैसे फायदेमंद?

राइस वॉटर त्वचा के लिए एक प्राकृतिक बैरियर की तरह काम कर सकता है। यह स्किन को हाइड्रेट रखने, हल्का ब्राइट दिखाने और स्किन टोन को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है। अगर किसी व्यक्ति को चावल से एलर्जी नहीं है, तो वह इसे चेहरे पर इस्तेमाल कर सकता है। इसके नुकसान बहुत कम मामलों में ही देखने को मिलते हैं।

घर पर ऐसे बनाएं राइस वॉटर

राइस वॉटर तैयार करने के लिए चावल को पानी में भिगोकर या उबालकर उसका पानी अलग कर लिया जाता है। कई लोग इसे 1-2 घंटे तक हल्का फर्मेंट करके फ्रिज में रखते हैं। इसे 24 घंटे से लेकर 2-3 दिन तक इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके बाद इसकी गुणवत्ता और असर धीरे-धीरे कम होने लगता है, इसलिए ज्यादा समय तक स्टोर करने से बचना चाहिए।

हर दावा सच नहीं होता

विशेषज्ञों का कहना है कि राइस वॉटर एक अच्छा घरेलू उपाय हो सकता है, लेकिन यह मान लेना सही नहीं होगा कि इससे झुर्रियां रुक जाएंगी, त्वचा गोरी हो जाएगी या धूप से पूरी सुरक्षा मिल जाएगी। इन दावों को साबित करने के लिए अभी पर्याप्त वैज्ञानिक प्रमाण मौजूद नहीं हैं। इसलिए इसे स्किन केयर का सहायक उपाय मानें, चमत्कारी इलाज नहीं।

पीने से क्या मिलता है फायदा?

चावल के पानी में मौजूद कार्बोहाइड्रेट शरीर को ऊर्जा देने में मदद करते हैं। अच्छी ऊर्जा और पर्याप्त हाइड्रेशन से शरीर की कोशिकाएं बेहतर तरीके से काम करती हैं, जिससे त्वचा की मरम्मत और नए स्किन सेल्स बनने की प्रक्रिया को भी सहयोग मिल सकता है। हालांकि, चमकदार त्वचा के लिए संतुलित आहार, पर्याप्त पानी, अच्छी नींद और सही स्किन केयर भी उतने ही जरूरी हैं।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post