बॉलीवुड की ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी फिल्म इंडस्ट्री में अपने 60 साल पूरे होने का जश्न खास अंदाज में मनाने जा रही हैं। इस मौके पर 10 जुलाई को मुंबई में ‘हेमा मालिनी लाइव इन कॉन्सर्ट’ का आयोजन होगा। यह कार्यक्रम उनके शानदार फिल्मी सफर का उत्सव होगा और इसे अभिनेता धर्मेंद्र को समर्पित किया जाएगा।
टिकटों की बुकिंग शुरू
अगर आप इस खास शाम का हिस्सा बनना चाहते हैं, तो कॉन्सर्ट के टिकटों की बुकिंग शुरू हो चुकी है। टिकट ऑनलाइन प्लेटफॉर्म बुकमायशो पर उपलब्ध हैं। टिकट की शुरुआती कीमत 1,999 रुपये रखी गई है। वहीं, सीट के अनुसार 2,999 रुपये और 4,999 रुपये के टिकट भी मिल रहे हैं। फैंस के बीच शो को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
धर्मेंद्र के नाम होगी चैरिटी
इस कॉन्सर्ट की सबसे खास बात यह है कि टिकटों की बिक्री से मिलने वाली राशि में से 10 लाख रुपये धर्मेंद्र के नाम पर दान किए जाएंगे। यह रकम फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े संगठनों सिंटा (CINTAA) और FWICE को दी जाएगी। हेमा मालिनी ने सोशल मीडिया पर इस नेक पहल की जानकारी साझा करते हुए अपनी खुशी भी जाहिर की है।
सजेगी सुरों की महफिल
10 जुलाई की शाम 6 बजे मुंबई के सायन स्थित श्री शनमुखानंद हॉल में यह म्यूजिकल इवेंट आयोजित होगा। मंच पर 15-पीस लाइव ऑर्केस्ट्रा हेमा मालिनी की फिल्मों के लोकप्रिय गानों को पेश करेगा। इस खास कार्यक्रम में अनूप जलोटा, कविता कृष्णमूर्ति, सुरेश वाडकर, सुदेश भोसले, अनु मलिक, शब्बीर कुमार, पूर्णिमा श्रेष्ठ और विजयता पंडित जैसे कई मशहूर गायक अपनी प्रस्तुति देंगे।
सुनाएंगी फिल्मी यादें
सिर्फ संगीत ही नहीं, यह शाम यादों से भी भरपूर होगी। हेमा मालिनी मंच पर आरजे अनिरुद्ध चावला के साथ बातचीत करेंगी। इस दौरान वह अपनी सुपरहिट फिल्मों ‘शोले’, ‘सीता और गीता’, ‘क्रांति’ और ‘जॉनी मेरा नाम’ से जुड़े कई अनसुने किस्से और धर्मेंद्र के साथ बिताए खास पलों को दर्शकों के साथ साझा करेंगी।
दिग्गज सितारों का होगा सम्मान
इस खास आयोजन में हिंदी सिनेमा के कई दिग्गज कलाकार भी शामिल होंगे। जितेंद्र, शत्रुघ्न सिन्हा, राकेश रोशन, रमेश सिप्पी, सुभाष घई और जावेद अख्तर जैसी हस्तियों को मंच पर सम्मानित किया जाएगा। यह शाम संगीत, यादों और सम्मान का शानदार संगम बनने वाली है।