Censor Board में अटकी ‘द इंडिया स्टोरी’, सोशल मुद्दे पर बनी फिल्म अटकी, 24 जुलाई की रिलीज पर सवाल

फिल्म ‘द इंडिया स्टोरी: स्लो पॉइजन इन प्रोग्रेस’ इन दिनों चर्चा में है। इसकी वजह फिल्म की कहानी से ज्यादा सेंसर बोर्ड की मंजूरी है। फिल्म 24 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होनी है, लेकिन अभी तक इसे सीबीएफसी (CBFC) से क्लियरेंस नहीं मिला है। रिलीज डेट करीब आने के बाद निर्माता और दर्शकों की चिंता बढ़ गई है।

गंभीर मुद्दे पर बनी फिल्म

यह फिल्म समाज और लोगों की सेहत से जुड़े एक अहम मुद्दे को उठाती है। कहानी में खेती में कीटनाशकों के बढ़ते इस्तेमाल और उसके कारण खाने-पीने की चीजों में पहुंच रहे जहरीले रसायनों के असर को दिखाया गया है। फिल्म यह बताने की कोशिश करती है कि ऐसे केमिकल इंसानों की सेहत पर कितना बड़ा खतरा बन सकते हैं।

तीन भाषाओं में होगी रिलीज

फिल्म की रिलीज डेट 24 जुलाई 2026 तय की गई है। इसे सिर्फ हिंदी ही नहीं, बल्कि तमिल और तेलुगु भाषा में भी रिलीज किया जाएगा। हालांकि रिलीज में अब ज्यादा समय नहीं बचा है, लेकिन सेंसर बोर्ड से मंजूरी नहीं मिलने के कारण इसकी रिलीज को लेकर सस्पेंस बना हुआ है।

टीजर ने खींचा ध्यान

फिल्म का टीजर सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। इसमें एक पिता अपनी सात साल की बेटी की कैंसर से मौत के बाद इंसाफ की लड़ाई लड़ता दिखाई देता है। टीजर में दूध, सब्जियों, अनाज और दूसरी खाद्य सामग्री में मौजूद जहरीले रसायनों के खतरे को दिखाया गया है। कोर्ट रूम ड्रामा और विरोध प्रदर्शन ने भी दर्शकों का ध्यान खींचा।

दमदार स्टारकास्ट मौजूद

फिल्म में श्रेयस तलपड़े एक पिता योगेश पांडे के किरदार में नजर आएंगे, जबकि काजल अग्रवाल एडवोकेट अर्चना की भूमिका निभा रही हैं। इनके अलावा मुरली शर्मा, मनीष वाधवा, कमलेश सावंत, शम मशालकर और अतुल तिवारी भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म का निर्देशन चेतन डीके ने किया है।

अब फैसले पर टिकी नजरें

फिल्म को जी स्टूडियोज और एमआईजी प्रोडक्शन एंड स्टूडियो ने प्रस्तुत किया है। सोशल मुद्दे पर बनी इस फिल्म को लेकर दर्शकों में पहले से उत्सुकता है। अब सभी की नजरें सेंसर बोर्ड के फैसले पर टिकी हैं। मंजूरी मिलने के बाद ही यह तय होगा कि फिल्म 24 जुलाई को तय समय पर सिनेमाघरों में रिलीज हो पाएगी या नहीं।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post