महाराष्ट्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने कई जिलों में हालात बिगाड़ दिए हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 7 जुलाई के लिए नासिक में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। पिछले पांच दिनों में बारिश से जुड़े हादसों में 21 लोगों की मौत हो चुकी है, जिसके बाद सरकार और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर हैं।
स्कूल, बाजार और मंदिर बंद
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद नासिक प्रशासन ने त्र्यंबकेश्वर, इगतपुरी, पेठ, दिंडोरी और ग्रामीण क्षेत्रों के सभी स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी है। साप्ताहिक बाजार भी बंद रहेंगे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए त्र्यंबकेश्वर मंदिर और सप्तशृंगी मंदिर में एक दिन के लिए दर्शन भी रोक दिए गए हैं। लोगों से बिना जरूरी काम के घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की गई है।
300 मिमी बारिश का अनुमान
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि नासिक के कुछ इलाकों में 300 मिमी तक बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर क्लाउड बर्स्ट जैसी स्थिति बनने की भी आशंका है। जिला प्रशासन ने राहत और बचाव के लिए जेसीबी, पोकलेन और अन्य मशीनें तैनात कर दी हैं। जरूरत पड़ने पर सेना की मदद लेने की भी तैयारी पूरी है।
हादसों में 21 लोगों की मौत
लगातार बारिश के कारण राज्य में अलग-अलग हादसों में 21 लोगों की जान जा चुकी है। रायगढ़ जिले के पनवेल में गाडेश्वर बांध के पास झरने में नहाने गए दो युवक तेज बहाव में बह गए। एक युवक का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश के लिए पुलिस और बचाव दल लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।
भिवंडी में जलभराव से मुश्किल
भिवंडी में सोमवार सुबह से हो रही तेज बारिश ने जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया। तीनबत्ती समेत कई इलाके पानी में डूब गए और लोगों को कमर तक भरे पानी से होकर गुजरना पड़ा। कई दुकानों में पानी घुसने से व्यापारियों को भारी नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों ने समय पर नालों की सफाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए प्रशासन पर सवाल उठाए हैं।
अगले 24 घंटे सबसे अहम
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य आपदा प्रबंधन कक्ष में अधिकारियों के साथ बैठक कर हालात की समीक्षा की और सभी विभागों को पूरी सतर्कता के साथ काम करने के निर्देश दिए। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे नासिक समेत कई जिलों के लिए बेहद अहम हैं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने, मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और केवल जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है।