Shreyas के आउट होते ही बिखरी टीम इंडिया, 33 गेंदों ने पलट दिया पूरा मैच, 200 रन का सपना रह गया अधूरा

इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में भारत ने 20 ओवर में 190 रन बनाए। स्कोर देखने में अच्छा लग सकता है, लेकिन जिस तरह टीम ने शुरुआत की थी, उसके हिसाब से 200 रन का आंकड़ा आसानी से पार होना चाहिए था। 13 ओवर में भारत 130 रन बना चुका था और सिर्फ दो विकेट गिरे थे, लेकिन इसके बाद बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई।

वैभव और अभिषेक ने दी तेज शुरुआत

भारत को वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए शुरुआती पांच ओवर में 50 रन जोड़े। हालांकि 65 रन के स्कोर तक दोनों बल्लेबाज आउट हो गए। इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर और ईशान किशन ने पारी संभाली और तेजी से रन बनाते हुए टीम को 13वें ओवर तक 130 रन के मजबूत स्कोर पर पहुंचा दिया।

33 गेंदों में बिगड़ गया खेल

13वें ओवर के बाद भारत की बल्लेबाजी अचानक बिखर गई। 13वें ओवर से लेकर 18.3 ओवर तक टीम ने चार विकेट गंवा दिए। इस दौरान 33 गेंदों में सिर्फ 34 रन बने। इतने अहम समय पर रन गति पूरी तरह थम गई, जिसका सीधा असर अंतिम स्कोर पर पड़ा। अगर इसी दौरान तेज बल्लेबाजी होती, तो भारत आसानी से 200 रन के पार पहुंच सकता था।

मिडिल ऑर्डर पूरी तरह फ्लॉप

श्रेयस अय्यर 22 गेंदों में 37 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद शिवम दुबे सिर्फ 5 रन बना सके। ईशान किशन ने 40 गेंदों में 49 रन बनाए, लेकिन उनकी धीमी पारी टीम के लिए नुकसानदायक साबित हुई। अक्षर पटेल भी सिर्फ 2 रन बनाकर रन आउट हो गए। मिडिल ऑर्डर की इस नाकामी ने मजबूत शुरुआत का पूरा फायदा खत्म कर दिया।

तिलक वर्मा ने बचाई लाज

आखिरी ओवर में तिलक वर्मा ने तेज बल्लेबाजी कर टीम का स्कोर 190 तक पहुंचाया। उन्होंने सिर्फ 11 गेंदों में 24 रन बनाए और जोफ्रा आर्चर के खिलाफ दो छक्के और एक चौका लगाया। अगर तिलक अंत में आक्रामक बल्लेबाजी नहीं करते, तो भारत का स्कोर 175 से 180 रन के बीच ही रुक सकता था।

खराब शॉट चयन पड़ा भारी

भारतीय बल्लेबाजों के आउट होने का तरीका भी चिंता बढ़ाने वाला रहा। वैभव सूर्यवंशी स्टंप आउट हुए, अभिषेक शर्मा और श्रेयस अय्यर ने गैरजरूरी बड़े शॉट खेलने की कोशिश में विकेट गंवाया। ईशान किशन और शिवम दुबे ने भी आसान कैच थमा दिए, जबकि अक्षर पटेल लापरवाही में रन आउट हो गए। यही खराब शॉट चयन भारत को 200 रन तक पहुंचने से रोक गया।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post