Teaser में दिखे, फिल्म से गायब! आखिर क्यों ‘वेलकम टू द जंगल’ से बाहर हुए संजय दत्त, डायरेक्टर ने खोला राज

‘वेलकम टू द जंगल’ सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद लगातार चर्चा में बनी हुई है। फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है और बॉक्स ऑफिस पर भी इसकी कमाई मजबूत बनी हुई है। लेकिन रिलीज के बाद दर्शकों ने एक ऐसी बात नोटिस की, जिसने सभी का ध्यान खींच लिया। फिल्म के टीजर में नजर आए पांच कलाकार फाइनल फिल्म से पूरी तरह गायब हैं। इनमें सबसे बड़ा नाम संजय दत्त का है।

संजय दत्त के बाहर होने की वजह

संजय दत्त के फिल्म छोड़ने को लेकर पहले कई तरह की खबरें सामने आई थीं। कहीं कहा गया कि उन्होंने स्वास्थ्य कारणों से फिल्म छोड़ी, तो कहीं स्क्रिप्ट और किरदार को लेकर मतभेद की बातें सामने आईं। अब फिल्म के निर्देशक अहमद खान ने इन सभी अटकलों पर विराम लगाते हुए असली वजह का खुलासा किया है।

डेट्स बनी सबसे बड़ी परेशानी

अहमद खान ने बताया कि संजय दत्त को फिल्म की कहानी काफी पसंद आई थी और वह इसका हिस्सा बनने के लिए बेहद उत्साहित थे। उन्होंने फिल्म की कुछ शूटिंग भी पूरी कर ली थी। लेकिन बाद में उन्हें इलाज के लिए अमेरिका जाना पड़ा। इसी दौरान उनकी डेट्स का टकराव हो गया। फिल्म में पहले से ही बड़ी स्टारकास्ट होने के कारण बाकी कलाकारों की डेट्स बदलना संभव नहीं था, इसलिए उन्हें फिल्म से अलग होना पड़ा।

मेकर्स की ऐसे की मदद

फिल्म से बाहर होने के बावजूद संजय दत्त ने मेकर्स का पूरा साथ दिया। अहमद खान के मुताबिक, उन्होंने खुद सुनील शेट्टी को फोन कर अपना किरदार निभाने का अनुरोध किया। साथ ही जैकी श्रॉफ से भी दूसरे रोल के लिए बात की। इस तरह संजय दत्त ने अपनी गैरमौजूदगी में भी फिल्म की कास्टिंग आसान बनाने में अहम भूमिका निभाई। निर्देशक ने इसके लिए उनका आभार भी जताया।

ये कलाकार भी नहीं दिखे

सिर्फ संजय दत्त ही नहीं, बल्कि टीजर में दिखाई दिए मीका सिंह, शारिब हाशमी, राहुल देव और इनामुल्हक भी फाइनल कट का हिस्सा नहीं बने। रिलीज के बाद जब दर्शकों ने इन कलाकारों को फिल्म में नहीं देखा तो सोशल मीडिया पर इसको लेकर काफी चर्चा शुरू हो गई। हालांकि मेकर्स की ओर से अब तक बाकी कलाकारों के बाहर होने की अलग वजह सामने नहीं आई है।

बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन

‘वेलकम टू द जंगल’ एक बड़ी मल्टीस्टारर कॉमेडी फिल्म है, जिसमें अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, परेश रावल, अरशद वारसी और जैकी श्रॉफ समेत करीब 30 कलाकार नजर आए हैं। इतनी बड़ी स्टारकास्ट और कॉमेडी से भरपूर कहानी के दम पर फिल्म दर्शकों का मनोरंजन कर रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म दुनियाभर में 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई का आंकड़ा भी पार कर चुकी है।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post