बॉलीवुड के मशहूर डायरेक्टर रोहित शेट्टी को शनिवार सुबह एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली। एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें फोन कर 20 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। धमकी मिलते ही मुंबई पुलिस तुरंत हरकत में आ गई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अब कॉल करने वाले की पहचान और उसके ठिकाने का पता लगाने में जुटी है।
पहले भी हो चुका है हमला
यह पहली बार नहीं है जब रोहित शेट्टी को निशाना बनाया गया है। इससे पहले 31 जनवरी और 1 फरवरी की रात उनकी जुहू स्थित 9 मंजिला इमारत पर पांच राउंड फायरिंग हुई थी। उस घटना में एक गोली बिल्डिंग के जिम के शीशे पर भी लगी थी। इस मामले में मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा से 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
नई धमकी से बढ़ी चिंता
पुराने फायरिंग मामले के बाद अब एक बार फिर मिली धमकी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस नए धमकी भरे फोन का कोई संबंध पहले की फायरिंग घटना से है। फिलहाल कॉलर की तलाश जारी है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
‘खतरों के खिलाड़ी 15’ से वापसी
वर्कफ्रंट की बात करें तो रोहित शेट्टी इन दिनों अपने शो ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ को लेकर चर्चा में हैं। शो की शूटिंग दक्षिण अफ्रीका के केप टाउन में पूरी हो चुकी है और इसके जुलाई में शुरू होने की उम्मीद है। दो साल बाद रोहित इस शो के साथ वापसी कर रहे हैं, इसलिए फैंस के बीच इसे लेकर काफी उत्साह है। इस सीजन में गौरव खन्ना, हर्ष गुजराल, रुबीना दिलैक और फरहाना भट्ट जैसे सितारे नजर आएंगे।