Health Tips: खाना खाते ही चाय पीने की आदत पड़ सकती है भारी, शरीर में चुपचाप बढ़ने लगती हैं कई गंभीर समस्याएं

भारत में ज्यादातर लोगों की सुबह चाय से ही शुरू होती है। कई लोगों को तो बिना चाय के सिरदर्द तक होने लगता है। वहीं, कुछ लोग खाना खत्म करते ही चाय पीना पसंद करते हैं। यह आदत सामान्य जरूर लगती है, लेकिन सेहत के लिए नुकसानदेह साबित हो सकती है। डॉक्टरों के मुताबिक, भोजन के तुरंत बाद चाय पीने से शरीर को जरूरी पोषक तत्वों का पूरा फायदा नहीं मिल पाता।

पोषक तत्वों पर पड़ता है असर

कैलाश दीपक हॉस्पिटल की गैस्ट्रोएंटरोलॉजिस्ट डॉ. वनीशा पुंडीर के अनुसार, हमारे भोजन में आयरन, कैल्शियम और जिंक जैसे जरूरी मिनरल्स होते हैं। वहीं, चाय में टैनिन और पॉलीफिनॉल जैसे प्राकृतिक तत्व पाए जाते हैं। ये तत्व शरीर में पोषक तत्वों के अवशोषण की प्रक्रिया को प्रभावित कर सकते हैं।

आयरन और कैल्शियम का अवशोषण घटता है

डॉक्टर बताती हैं कि जब हम खाना खाने के तुरंत बाद चाय पीते हैं, तो चाय में मौजूद टैनिन भोजन में मौजूद आयरन के साथ जुड़ जाते हैं। इससे शरीर आयरन को सही तरीके से अवशोषित नहीं कर पाता। यही असर जिंक और कैल्शियम पर भी पड़ सकता है। लंबे समय तक ऐसी आदत पोषण संबंधी कमियों का कारण बन सकती है।

पेट की दिक्कतें भी बढ़ सकती हैं

खाने के तुरंत बाद चाय पीने से ब्लोटिंग, गैस और एसिड रिफ्लक्स जैसी समस्याएं भी बढ़ सकती हैं। कई लोगों को चाय पीने के बाद पेट भारी लगना, डकार आना या सीने में जलन महसूस होती है। चाय में मौजूद कुछ तत्व पेट में एसिड बनने की प्रक्रिया को बढ़ा सकते हैं, जिससे पाचन संबंधी परेशानियां बढ़ने लगती हैं।

नींद और दिनचर्या पर भी असर

चाय में कैफीन मौजूद होता है, जो शरीर को अलर्ट रखने का काम करता है। जरूरत से ज्यादा या गलत समय पर चाय पीने से नींद प्रभावित हो सकती है। जिन लोगों को पहले से एसिडिटी या नींद की समस्या रहती है, उन्हें भोजन के तुरंत बाद चाय पीने से बचना चाहिए।

कितनी देर बाद पीनी चाहिए चाय

अगर आप चाय पीना पसंद करते हैं, तो खाना खाने के कम से कम एक घंटे बाद ही इसका सेवन करें। इसके अलावा चाय के साथ ज्यादा नमकीन या तली-भुनी चीजें खाने से भी बचना चाहिए। सुबह चाय के साथ पराठे या नमकीन खाने की आदत कई लोगों में एसिडिटी और ब्लोटिंग की वजह बनती है। कुछ विशेषज्ञ चाय पीने से पहले थोड़ा पानी पीने की सलाह भी देते हैं, जिससे पेट की परेशानी कम हो सकती है।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post