आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलने वाले युवा बल्लेबाज अभिषेक पोरेल मुश्किलों में घिरते नजर आ रहे हैं। उनके खिलाफ पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के मगरा पुलिस स्टेशन में एक लड़की ने शिकायत दर्ज कराई है। मामला सामने आने के बाद क्रिकेट जगत में भी इसकी चर्चा तेज हो गई है।
शादी का वादा करने का दावा
शिकायत करने वाली लड़की ने आरोप लगाया है कि अभिषेक पोरेल ने उससे शादी का वादा किया था। उसने यह भी दावा किया कि दोनों कुछ समय तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहे। लड़की का कहना है कि बाद में क्रिकेटर ने अपने वादे से पीछे हट गए, जिसके बाद उसने पुलिस का दरवाजा खटखटाया।
अभिषेक ने आरोपों को नकारा
दूसरी ओर, अभिषेक पोरेल ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। उन्होंने इन दावों को झूठा और बेबुनियाद बताया है। फिलहाल पुलिस शिकायत की जांच कर रही है और मामले की सच्चाई सामने आने का इंतजार किया जा रहा है।
करियर पर पड़ सकता है असर
यह विवाद अभिषेक पोरेल के क्रिकेट करियर पर असर डाल सकता है। दिल्ली Capitals की टीम उन्हें हर सीजन करीब 4 करोड़ रुपये की रकम देती है। ऐसे मामलों में खिलाड़ियों की छवि और पेशेवर करियर दोनों प्रभावित हो सकते हैं, इसलिए यह मामला उनके लिए बड़ी चिंता का कारण बन सकता है।
दिल्ली के लिए अहम खिलाड़ी
23 वर्षीय अभिषेक पोरेल पिछले चार सीजन से दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा हैं। उन्होंने अब तक आईपीएल में 35 मैच खेले हैं और 25.63 की औसत से 769 रन बनाए हैं। उनके नाम चार अर्धशतक भी दर्ज हैं और उन्हें टीम का भरोसेमंद युवा बल्लेबाज माना जाता है।
घरेलू क्रिकेट में शानदार रिकॉर्ड
अभिषेक पोरेल का घरेलू क्रिकेट रिकॉर्ड भी काफी अच्छा रहा है। बंगाल के लिए उन्होंने 32 फर्स्ट क्लास मैचों में 1408 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक शामिल है। वहीं लिस्ट-ए क्रिकेट में उन्होंने 43 से ज्यादा की औसत से 833 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं।