किडनी हमारे शरीर का एक बेहद महत्वपूर्ण अंग है, जो खून को साफ करने और शरीर से गंदगी बाहर निकालने का काम करती है। एक स्वस्थ किडनी दिनभर में करीब 180 से 200 लीटर खून को फिल्टर करती है। अगर किडनी ठीक से काम न करे तो शरीर में कई गंभीर बीमारियां जन्म लेने लगती हैं।
रोजाना करें थोड़ी एक्सरसाइज
किडनी को स्वस्थ रखने के लिए शरीर को एक्टिव रखना बेहद जरूरी है। रोजाना 30 मिनट की वॉक, जॉगिंग, स्वीमिंग या हल्की एक्सरसाइज करने से वजन और ब्लड प्रेशर कंट्रोल में रहता है। इससे किडनी पर अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ता और उसकी कार्यक्षमता बेहतर बनी रहती है।
मीठा कम करना है जरूरी
डायबिटीज किडनी फेल होने के सबसे बड़े कारणों में से एक है। लंबे समय तक हाई ब्लड शुगर किडनी की छोटी रक्त वाहिकाओं को नुकसान पहुंचाती है। इसलिए ज्यादा मीठा खाने और शुगर वाले ड्रिंक्स का सेवन कम करना चाहिए। संतुलित मात्रा में मीठा खाना किडनी को लंबे समय तक स्वस्थ रख सकता है।
ब्लड प्रेशर पर रखें नजर
हाई ब्लड प्रेशर भी किडनी का बड़ा दुश्मन माना जाता है। जब ब्लड प्रेशर लगातार बढ़ा रहता है तो किडनी को खून फिल्टर करने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। इसलिए समय-समय पर अपना बीपी चेक कराएं और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
हेल्दी डाइट का रखें ध्यान
किडनी की सेहत के लिए सही खानपान बेहद जरूरी है। अपने भोजन में सब्जियां, साबुत अनाज, फल और दालों को शामिल करें। क्रैश डाइट और जंक फूड से दूरी बनाएं। संतुलित और पौष्टिक भोजन मोटापे को कम करता है और किडनी से जुड़ी बीमारियों का खतरा भी घटाता है।
नमक कम खाना सबसे जरूरी
ज्यादा नमक खाने की आदत किडनी को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाती है। नमक में मौजूद सोडियम शरीर में पानी का संतुलन बिगाड़ सकता है और ब्लड प्रेशर बढ़ा सकता है। इसलिए खाने में नमक की मात्रा कम रखें और प्रोसेस्ड फूड्स से दूरी बनाएं। स्वाद बढ़ाने के लिए लहसुन, हर्ब्स और नींबू का इस्तेमाल बेहतर विकल्प हो सकता है।