Ram Mandir चढ़ावा विवाद पर बड़ा एक्शन: तीन दिग्गज अफसरों की SIT करेगी जांच, दान व्यवस्था की भी होगी समीक्षा

अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दानपात्रों और चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं के आरोपों के बाद जांच को लेकर बड़ा कदम उठाया गया है। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध पर उत्तर प्रदेश सरकार ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। यह टीम न सिर्फ आरोपों की जांच करेगी, बल्कि मंदिर में दान और चढ़ावे के प्रबंधन की पूरी व्यवस्था की भी समीक्षा करेगी।

विजय विश्वास पंत के हाथों कमान

SIT की अगुवाई लखनऊ मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत करेंगे। 2004 बैच के आईएएस अधिकारी पंत आईआईटी कानपुर से इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुके हैं और बड़े प्रशासनिक आयोजनों के संचालन का अनुभव रखते हैं। प्रयागराज में महाकुंभ-2025 की तैयारियों और प्रबंधन में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। जांच के साथ-साथ वे दान व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के सुझाव भी देंगे।

किरण एस संभालेंगे आपराधिक जांच

SIT में लखनऊ रेंज के आईजी किरण एस पुलिस और आपराधिक जांच की जिम्मेदारी निभाएंगे। 2008 बैच के आईपीएस अधिकारी किरण एस करीब नौ वर्षों तक सीबीआई में कार्य कर चुके हैं। साइबर अपराध, वित्तीय गड़बड़ियों, फॉरेंसिक जांच और जटिल मामलों की पड़ताल में उनकी विशेषज्ञता मानी जाती है। ऐसे में चढ़ावे की कथित चोरी या धन के दुरुपयोग से जुड़े आरोपों की जांच में उनकी भूमिका अहम रहेगी।

नीलरतन करेंगे वित्तीय पड़ताल

SIT के तीसरे सदस्य वित्त विभाग के विशेष सचिव नीलरतन कुमार हैं, जिन्हें वित्तीय प्रबंधन और ऑडिट का लंबा अनुभव है। वे मंदिर के दान, खातों, लेखा अभिलेखों और वित्तीय प्रक्रियाओं की जांच करेंगे। यदि किसी तरह की वित्तीय अनियमितता या प्रक्रिया में कमी सामने आती है तो उसकी पहचान और विश्लेषण उनकी जिम्मेदारी होगी। जांच पूरी होने के बाद तीनों अधिकारी अपनी रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपेंगे।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post