NDA बैठक में पीएम मोदी का कांग्रेस पर बड़ा हमला, कहा- देश को ‘कांग्रेस ग्रोथ रेट’ से बाहर निकालकर विकास दिया

दिल्ली के भारत मंडपम में एनडीए नेताओं की बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 2014 का गरीब आज न्यू मिडिल क्लास बन रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार इस वर्ग को निराश नहीं होने देगी और उसके विकास के लिए लगातार काम करती रहेगी। पीएम ने कहा कि जनता ही उनके लिए ईश्वर का स्वरूप है।

कांग्रेस पर तीखा हमला

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्षों तक देश को गरीबी, बेबसी और हीन भावना में रखा गया। उन्होंने कहा कि विकास की धीमी रफ्तार को कांग्रेस ने ‘हिंदू ग्रोथ रेट’ का नाम दिया, जबकि इसकी जिम्मेदारी उनकी नीतियों और शासन की थी। पीएम ने इसे ‘कांग्रेस ग्रोथ रेट’ बताया।

NDA आने से बदली तस्वीर

पीएम मोदी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में एनडीए सरकार के दौरान विकास की गति दिखाई दी थी, लेकिन 2004 के बाद देश फिर पीछे चला गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार घोटालों में उलझी रही। 2014 में एनडीए सरकार बनने के बाद विकास को नई दिशा और गति मिली।

NDA की सामूहिक सफलता

प्रधानमंत्री ने कहा कि एनडीए के 12 साल किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे गठबंधन और उसके कार्यकर्ताओं की उपलब्धि हैं। उन्होंने बैठक में पारित प्रस्ताव को सभी सहयोगी दलों और कार्यकर्ताओं को समर्पित करते हुए कहा कि यह सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

तकनीक और आत्मनिर्भर भारत

पीएम मोदी ने कहा कि भारत सेमीकंडक्टर, क्रिटिकल मिनरल्स, ड्रोन, एआई, क्वांटम कंप्यूटिंग और डेटा सेंटर जैसे क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश रणनीतिक और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में काम कर रहा है। साथ ही विश्वास जताया कि जल्द ही मेड इन इंडिया एयरक्राफ्ट भी बनेगा।

दुनिया में सबसे तेज अर्थव्यवस्था

प्रधानमंत्री ने कहा कि वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बावजूद भारत ने 2025-26 में 7.7 प्रतिशत की विकास दर हासिल की है। पिछले तिमाही में भी देश की ग्रोथ 7.8 प्रतिशत रही। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में सरकार ने हर शहर और गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया है।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post