FIFA World Cup 2026 की ओपनिंग में छाएंगी शकीरा, मेक्सिको से शुरू होगा फुटबॉल के महाकुंभ का जश्न

फीफा वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 11 जून से होगा और इस बार टूर्नामेंट की मेजबानी तीन देश—मैक्सिको, अमेरिका और कनाडा मिलकर करेंगे। पहला मुकाबला मैक्सिको सिटी में खेला जाएगा, जहां उद्घाटन समारोह का आयोजन भी होगा। इसके बाद अमेरिका और कनाडा में भी अलग-अलग ओपनिंग सेरेमनी आयोजित की जाएंगी। फीफा ने फिलहाल मैक्सिको में होने वाले पहले समारोह की जानकारी साझा की है।

शकीरा और बर्ना बॉय करेंगे धमाकेदार शुरुआत

फीफा के अनुसार, ग्लोबल पॉप स्टार शकीरा और नाइजीरियाई सिंगर बर्ना बॉय उद्घाटन समारोह में आधिकारिक गीत ‘दाई दाई’ पर प्रस्तुति देंगे। यह गाना फीफा वर्ल्ड कप 2026 का ऑफिशियल सॉन्ग है। कार्यक्रम का उद्देश्य खेल के साथ-साथ ग्लोबल सिटिजन एजुकेशन फंड को भी समर्थन देना है। दोनों कलाकारों की मौजूदगी से ओपनिंग सेरेमनी को लेकर फैंस में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

मैच से 90 मिनट पहले शुरू होगा शो

मैक्सिको सिटी स्टेडियम में होने वाला उद्घाटन समारोह मैच शुरू होने से लगभग 90 मिनट पहले शुरू होगा। इस भव्य कार्यक्रम में कई अंतरराष्ट्रीय संगीत सितारे हिस्सा लेंगे। इनमें एलेजांद्रो फर्नांडेज, बेलिंडा, डैनी ओशन, जे बाल्विन, लीला डाउन्स, माना, टाइला और लॉस एंजिल्स अजुलेस जैसे बड़े नाम शामिल हैं। फीफा ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में कुछ और कलाकारों के नाम भी घोषित किए जा सकते हैं।

इस बार विश्व कप होगा ऐतिहासिक

फीफा वर्ल्ड कप 2026 कई मायनों में खास रहने वाला है। पहली बार टूर्नामेंट में 48 टीमें हिस्सा लेंगी, जबकि 2022 विश्व कप में 32 टीमों ने भाग लिया था। यह टूर्नामेंट 11 जून से 19 जुलाई तक चलेगा। शकीरा का भी फीफा से पुराना रिश्ता रहा है। उनका मशहूर गीत ‘वाका वाका’ आज भी विश्व कप के सबसे लोकप्रिय एंथम्स में गिना जाता है। ऐसे में फैंस को एक बार फिर उनके शानदार प्रदर्शन का इंतजार है।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post