Ahmedabad से पीएम मोदी का बड़ा संदेश, योगासन को ग्लोबल स्पोर्ट बनाने की शुरुआत, ओलंपिक तक पहुंचाने का लक्ष्य

अहमदाबाद में पहली वर्ल्ड योगासन चैंपियनशिप का शुभारंभ करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि योगासन का भविष्य बेहद उज्ज्वल है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में योगासन अंतरराष्ट्रीय खेलों में अपनी जगह बना सकता है। पीएम ने कहा कि यदि दुनिया भर के खिलाड़ी और संस्थाएं लगातार प्रयास करें तो योगासन को ओलंपिक और अन्य मल्टी-स्पोर्ट्स इवेंट्स तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने इस चैंपियनशिप को उस दिशा में एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम बताया।

योग दिवस से पहले ‘डबल डोज’ ऑफ वेलनेस

प्रधानमंत्री ने कहा कि अहमदाबाद, जो UNESCO की वर्ल्ड हेरिटेज सिटी है, वहां इस आयोजन का होना पूरे देश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा, जिसका मुख्य कार्यक्रम इस बार कोलकाता में होगा। पीएम के मुताबिक, योग दिवस से ठीक पहले आयोजित हो रही वर्ल्ड योगासन चैंपियनशिप स्वास्थ्य और वेलनेस का “डबल डोज” है। उन्होंने सभी विदेशी खिलाड़ियों का भारत में स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं भी दीं।

योगासन बनेगा करियर और रोजगार का जरिया

पीएम मोदी ने कहा कि योग अब केवल एक अभ्यास नहीं रहा, बल्कि करोड़ों लोगों की जीवनशैली का हिस्सा बन चुका है। मेडिटेशन और प्राणायाम को लोग अपने दैनिक जीवन में अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि योगासन स्पोर्ट्स की यह विश्व चैंपियनशिप योग को एक प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में नई पहचान देगी। इसके साथ ही ट्रेनर, स्पोर्ट्स साइंटिस्ट, रिसर्चर, इवेंट मैनेजर और खिलाड़ियों के लिए रोजगार और करियर के नए अवसर भी पैदा होंगे। योगासन का बढ़ता दायरा एक मजबूत खेल इकोसिस्टम तैयार कर सकता है।

‘हर रोज योग, भगाएगा सारे रोग’

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस साल अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘हेल्दी एजिंग के लिए योग’ रखी गई है। आज दुनिया ऐसे उपाय तलाश रही है जो लोगों को लंबे समय तक स्वस्थ और सक्रिय बनाए रखें, और योग इसका प्रभावी समाधान है। उन्होंने कहा कि योग कम खर्च में बेहतर स्वास्थ्य देने वाला माध्यम है। इसी सोच को आगे बढ़ाने के लिए आयुष मंत्रालय ने ‘योग 365’ अभियान शुरू किया है। पीएम ने खिलाड़ियों से अपील की कि वे अपने देशों में लौटकर योग के संदेश को फैलाएं और ‘योग 365’ के एंबेसडर बनें। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाला हर खिलाड़ी इतिहास के एक महत्वपूर्ण अध्याय का हिस्सा बन चुका है।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post