Box Office पर नया ट्विस्ट! 25 साल बाद लौटी ‘लगान’, तीन बड़ी फिल्मों की कमाई पर असर संभव

12 जून को सिनेमाघरों में पहले से ही तीन बड़ी फिल्में रिलीज होने वाली थीं. इनमें मनोज बाजपेयी की ‘गवर्नर’, दिलजीत दोसांझ की ‘मैं वापस आऊंगा’ और कंगना रनौत की ‘भारत भाग्य विधाता’ शामिल हैं. तीनों फिल्मों के बीच बॉक्स ऑफिस पर कड़ी टक्कर देखने को मिलने वाली थी. लेकिन अब इस मुकाबले में एक और बड़े नाम की एंट्री हो गई है.

आमिर की फिल्म फिर लौट रही

दिलचस्प बात यह है कि आमिर खान की कोई नई फिल्म रिलीज नहीं हो रही है. उनकी सुपरहिट फिल्म ‘लगान’ एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौट रही है. साल 2001 में रिलीज हुई इस फिल्म ने भारतीय सिनेमा में एक अलग पहचान बनाई थी. फिल्म के 25 साल पूरे होने के मौके पर मेकर्स ने इसे दोबारा रिलीज करने का फैसला किया है.

तीन दिन तक दिखेगी ‘लगान’

मेकर्स के अनुसार ‘लगान’ को 12, 13 और 14 जून तक देशभर के चुनिंदा सिनेमाघरों में दिखाया जाएगा. ऐसे में दर्शकों के पास नई फिल्मों के साथ इस क्लासिक फिल्म को देखने का भी विकल्प होगा. माना जा रहा है कि ‘लगान’ की री-रिलीज का असर नई फिल्मों की कमाई पर पड़ सकता है, क्योंकि आज भी इस फिल्म की बड़ी फैन फॉलोइंग है.

क्यों खास है यह फिल्म?

‘लगान’ आमिर खान के करियर की सबसे यादगार फिल्मों में गिनी जाती है. इस फिल्म का निर्देशन आशुतोष गोवारिकर ने किया था. रिलीज के समय फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से जबरदस्त सराहना मिली थी. इतना ही नहीं, यह फिल्म ऑस्कर अवॉर्ड के लिए भी नॉमिनेट हुई थी. क्रिकेट, देशभक्ति और प्रेरणादायक कहानी का मिश्रण इसे आज भी खास बनाता है.

बॉक्स ऑफिस पर रही थी हिट

फिल्म में आमिर खान के साथ ग्रेसी सिंह, यशपाल शर्मा और रघुबीर यादव जैसे कलाकार नजर आए थे. करीब 24 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में लगभग 65.97 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया था. उस दौर में यह कमाई काफी बड़ी मानी जाती थी और फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता हासिल की थी.

शाहरुख थे पहली पसंद

कम ही लोग जानते हैं कि ‘लगान’ के लिए आमिर खान पहली पसंद नहीं थे. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार निर्देशक आशुतोष गोवारिकर पहले इस फिल्म में शाहरुख खान को लेना चाहते थे. उन्होंने शाहरुख को फिल्म की कहानी भी सुनाई थी, लेकिन वह स्क्रिप्ट से पूरी तरह सहमत नहीं थे. इसके बाद उन्होंने फिल्म करने से मना कर दिया और फिर यह रोल आमिर खान के पास पहुंचा, जिसने उनके करियर की सबसे बड़ी फिल्मों में जगह बनाई.

The Hindi Post
Author: The Hindi Post