फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 11 जून से होने जा रहा है। इस बार टूर्नामेंट का आयोजन अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा में होगा, जिसमें 48 टीमें हिस्सा लेंगी। दुनिया के कई बड़े फुटबॉल सितारे इस मेगा इवेंट में मैदान पर उतरेंगे। खेल के साथ-साथ इन खिलाड़ियों की कमाई और संपत्ति भी चर्चा का विषय बनी हुई है। टूर्नामेंट में खेलने वाले कई खिलाड़ी अरबों रुपये की संपत्ति के मालिक हैं और ब्रांड एंडोर्समेंट से भी भारी कमाई करते हैं।
केन और एम्बाप्पे भी सूची में
सबसे अमीर खिलाड़ियों की सूची में पांचवें स्थान पर इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन हैं। उनकी कुल संपत्ति करीब 1412 करोड़ रुपये बताई जाती है। बायर्न म्यूनिख से मिलने वाली सैलरी और स्केचर्स के साथ उनकी डील उनकी कमाई का बड़ा स्रोत है। वहीं चौथे नंबर पर फ्रांस के स्टार स्ट्राइकर किलियन एम्बाप्पे हैं, जिनकी नेटवर्थ लगभग 2388 करोड़ रुपये है। रियाल मैड्रिड के अलावा नाइकी, हुबलोट और डियोर जैसे बड़े ब्रांड भी उनकी कमाई में अहम भूमिका निभाते हैं।
नेमार और मेसी की अरबों की दौलत
तीसरे स्थान पर ब्राजील के स्टार विंगर नेमार हैं। उनकी कुल संपत्ति करीब 4288 करोड़ रुपये आंकी जाती है। बार्सिलोना, पीएसजी और अल हिलाल जैसे बड़े क्लबों से खेलकर उन्होंने भारी दौलत कमाई है। फिलहाल वह अपने पुराने क्लब सैंटोस के लिए खेल रहे हैं। दूसरे नंबर पर अर्जेंटीना के कप्तान लियोनल मेसी हैं। मेसी की नेटवर्थ लगभग 9526 करोड़ रुपये है। इंटर मियामी के लिए खेलने वाले मेसी को सैलरी के अलावा कई बड़ी कंपनियों के विज्ञापनों से भी मोटी कमाई होती है।
रोनाल्डो सबसे अमीर फुटबॉलर
फीफा वर्ल्ड कप 2026 में खेलने वाले सबसे अमीर खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो हैं। पुर्तगाल के इस दिग्गज फुटबॉलर की कुल संपत्ति 13 हजार करोड़ रुपये से भी ज्यादा बताई जाती है। वह सऊदी अरब के क्लब अल-नस्र के लिए खेलते हैं और क्लब से ही उन्हें सालाना करीब 2221 करोड़ रुपये की सैलरी मिलती है। रोनाल्डो की कहानी संघर्ष से सफलता तक का शानदार उदाहरण है। एक समय आर्थिक तंगी में जीवन बिताने वाले रोनाल्डो आज दुनिया के सबसे अमीर और लोकप्रिय खिलाड़ियों में गिने जाते हैं।