Ram Charan का जलवा बरकरार, ‘पेद्दी’ के आगे फीकी पड़ी बॉबी देओल की ‘बंदर’

साउथ सुपरस्टार राम चरण की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘पेद्दी’ 4 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म का निर्देशन बुची बाबू सना ने किया है और इसमें जान्हवी कपूर लीड रोल में नजर आएंगी। फिल्म को तेलुगु, तमिल, कन्नड़, मलयालम और हिंदी समेत कई भाषाओं में रिलीज किया जाएगा। रिलीज से पहले ही फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

इंटरेस्ट में ‘बंदर’ से बहुत आगे

टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म पर दर्शकों की दिलचस्पी के आंकड़े भी ‘पेद्दी’ के पक्ष में नजर आ रहे हैं। खबर लिखे जाने तक फिल्म को देखने में 3.48 लाख से ज्यादा लोगों ने रुचि दिखाई है। वहीं ‘बंदर’ के लिए सिर्फ 27,200 लोगों ने इंटरेस्ट दर्ज किया है। इससे साफ है कि रिलीज से पहले दर्शकों का झुकाव फिलहाल ‘पेद्दी’ की तरफ ज्यादा दिखाई दे रहा है। हालांकि असली मुकाबला बॉक्स ऑफिस पर फिल्म रिलीज होने के बाद ही तय होगा।

वरुण धवन की फिल्म भी मैदान में

इस बॉक्स ऑफिस मुकाबले में सिर्फ ‘पेद्दी’ और ‘बंदर’ ही नहीं हैं। वरुण धवन की रोमांटिक कॉमेडी फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ भी 5 जून को रिलीज हो रही है। इस फिल्म के लिए 66,600 से ज्यादा लोगों ने इंटरेस्ट दिखाया है। यानी वरुण धवन की फिल्म ‘बंदर’ से आगे जरूर है, लेकिन ‘पेद्दी’ के मुकाबले काफी पीछे दिखाई देती है। ऐसे में तीनों फिल्मों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है।

तीन फिल्मों की खास बातें

‘पेद्दी’ एक स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म है, जिसमें राम चरण, जान्हवी कपूर, बोमन ईरानी और दिव्येंदु शर्मा नजर आएंगे। वहीं ‘बंदर’ एक क्राइम ड्रामा है, जिसे अनुराग कश्यप ने निर्देशित किया है और इसमें बॉबी देओल मुख्य भूमिका में हैं। दूसरी ओर, ‘है जवानी तो इश्क होना है’ एक रोमांटिक कॉमेडी फिल्म है, जिसका निर्देशन डेविड धवन ने किया है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि रिलीज के बाद दर्शकों का सबसे ज्यादा प्यार किस फिल्म को मिलता है।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post