अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब सोने के बाजार पर भी दिखाई देने लगा है। सोमवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने की कीमत में 2,500 रुपये प्रति 10 ग्राम की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार, 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना गिरकर 1,60,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इससे पहले शुक्रवार को इसका भाव 1,62,900 रुपये प्रति 10 ग्राम था। एक ही दिन में करीब 1.5 फीसदी की गिरावट ने निवेशकों का ध्यान खींचा है।
चांदी भी हुई सस्ती
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी तेज गिरावट देखने को मिली। सोमवार को चांदी 5,000 रुपये प्रति किलोग्राम टूटकर 2,69,700 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। पिछले कारोबारी सत्र में इसकी कीमत 2,74,700 रुपये प्रति किलो थी। यानी चांदी में करीब 2 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि वैश्विक स्तर पर निवेशकों के रुख में बदलाव का असर कीमती धातुओं पर साफ दिखाई दे रहा है।
क्यों टूटा गोल्ड मार्केट?
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, वीकेंड के दौरान अमेरिका-ईरान तनाव बढ़ने से कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई। तेल महंगा होने से अमेरिकी डॉलर मजबूत हुआ, जिसका सीधा असर सोने की कीमतों पर पड़ा। इसके अलावा अमेरिकी ट्रेजरी बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी से भी निवेशकों का रुझान सोने और चांदी जैसे सुरक्षित निवेश विकल्पों से कुछ कम हुआ। यही वजह है कि घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों बाजारों में दबाव देखने को मिला।
आगे बाजार पर रहेगी नजर
विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। एक्सपर्ट्स के अनुसार, अमेरिका-ईरान से जुड़े घटनाक्रम और पश्चिम एशिया की स्थिति बाजार की दिशा तय करेंगे। इसके अलावा इस सप्ताह अमेरिका के रोजगार आंकड़े, फेडरल रिजर्व अधिकारियों के बयान और आर्थिक संकेतक भी निवेशकों की नजर में रहेंगे। यदि वैश्विक अनिश्चितता बढ़ती है तो सोने और चांदी में फिर से तेजी लौट सकती है।