राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर दूसरे क्वालिफायर में जगह बना ली है। अब टीम का मुकाबला गुजरात टाइटंस से होगा। लेकिन इस जीत के बीच स्टार ओपनर यशस्वी जायसवाल चर्चा में आ गए हैं। वजह है पूर्व भारतीय बल्लेबाज अंबाती रायुडू का बड़ा बयान, जिसमें उन्होंने जायसवाल को टीम बदलने की सलाह दी है।
वैभव ने छीनी सारी लाइमलाइट
इस पूरे सीजन में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने शानदार बल्लेबाजी की है। उन्होंने टीम को कई मैचों में विस्फोटक शुरुआत दिलाई। एलिमिनेटर मुकाबले में भी वैभव ने सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन ठोक दिए। वहीं दूसरी ओर यशस्वी जायसवाल 29 गेंदों में सिर्फ 29 रन बना सके। पिछले सीजन तक जहां सारी चर्चा जायसवाल के नाम होती थी, अब वही फोकस पूरी तरह वैभव सूर्यवंशी पर चला गया है।
रायुडू ने दी टीम बदलने की सलाह
मैच के बाद ईएसपीएन-क्रिकइंफो के शो में अंबाती रायुडू ने कहा कि जायसवाल को अब राजस्थान छोड़ने के बारे में सोचना चाहिए। उनका कहना था कि यशस्वी खुद एक बड़े स्टार बल्लेबाज हैं और लगातार वैभव की छाया में नहीं रह सकते। रायुडू के मुताबिक, जायसवाल को ऐसी टीम में जाना चाहिए जहां वो मुख्य स्टार बनकर टीम को जीत दिला सकें।
अनुभवी पार्टनर की जरूरत
रायुडू ने यह भी कहा कि वैभव सूर्यवंशी जिस तरह की आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे हैं, उन्हें एक अनुभवी ओपनिंग पार्टनर की जरूरत है। ऐसा खिलाड़ी जो उनके साथ तालमेल बैठाए, न कि हर गेंद पर उनसे आगे निकलने की कोशिश करे। रायुडू का मानना है कि इससे टीम का बैलेंस भी बेहतर होगा और दोनों खिलाड़ियों का खेल खुलकर सामने आएगा।
मुंबई इंडियंस बन सकती है नई टीम
रायुडू के अनुसार, मुंबई इंडियंस यशस्वी जायसवाल के लिए सबसे सही टीम हो सकती है। जायसवाल घरेलू क्रिकेट में भी मुंबई के लिए खेलते हैं, इसलिए वहां का माहौल उनके लिए नया नहीं होगा। वानखेड़े स्टेडियम में उनका रिकॉर्ड भी शानदार रहा है। वहीं रोहित शर्मा की फिटनेस और फॉर्म को देखते हुए मुंबई को भविष्य के लिए युवा भारतीय ओपनर की जरूरत भी पड़ सकती है।
राजस्थान के लिए शानदार रिकॉर्ड
हालांकि इस सीजन में जायसवाल का प्रदर्शन थोड़ा उतार-चढ़ाव भरा रहा है, फिर भी उन्होंने टीम के लिए अहम पारियां खेली हैं। आईपीएल 2026 में अब तक उन्होंने 15 मैचों में 426 रन बनाए हैं। वहीं ओवरऑल आईपीएल करियर में वह राजस्थान के लिए 82 मैचों में 2592 रन बना चुके हैं। उनके नाम 2 शतक और 18 अर्धशतक दर्ज हैं। साथ ही IPL इतिहास का सबसे तेज 13 गेंदों में अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड भी उन्हीं के नाम है।