मोहनलाल के फैंस का लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। मलयालम सिनेमा की चर्चित क्राइम-थ्रिलर फ्रेंचाइजी ‘दृश्यम’ का तीसरा भाग 21 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुका है। करीब पांच साल बाद आई इस फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म की रिलीज के साथ ही हिंदी दर्शकों के बीच भी अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’ को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
अजय फिर बनेंगे विजय सालगांवकर
हिंदी वर्जन में अजय देवगन एक बार फिर विजय सालगांवकर के लोकप्रिय किरदार में नजर आएंगे। फिल्म में उनके साथ श्रिया सरण, ईशिता दत्ता और तब्बू भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार फिल्म में जयदीप अहलावत की एंट्री हो सकती है। बताया जा रहा है कि पिछले पार्ट में नजर आए अक्षय खन्ना की जगह जयदीप कहानी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। हालांकि, मेकर्स की ओर से इस पर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
कब रिलीज होगी ‘दृश्यम 3’?
अगर आप अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’ का इंतजार कर रहे हैं, तो अभी कुछ महीनों का और इंतजार करना होगा। फिल्म की रिलीज डेट पहले ही तय की जा चुकी है। अभिषेक पाठक के निर्देशन में बन रही ‘दृश्यम 3’ 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इससे पहले ‘दृश्यम 2’ का निर्देशन भी अभिषेक पाठक ने किया था, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया था। अब फैंस को उम्मीद है कि तीसरा भाग भी बॉक्स ऑफिस पर बड़ा धमाका करेगा।
‘दृश्यम 3’ से पहले आएंगी ये फिल्में
अजय देवगन ‘दृश्यम 3’ से पहले भी बड़े पर्दे पर नजर आने वाले हैं। उनकी कॉमेडी फिल्म ‘धमाल 4’ 17 जुलाई 2026 को रिलीज होगी। पहले इस फिल्म को 3 जुलाई को रिलीज किया जाना था, लेकिन बाद में इसकी तारीख बदल दी गई। इसके अलावा अजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ 26 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। ऐसे में दर्शकों को ‘दृश्यम 3’ से पहले अजय की दो बड़ी फिल्मों का मनोरंजन देखने को मिलेगा।