‘Peddi’ ट्रेलर में दिखा दिव्येंदु का खतरनाक अंदाज, एक लाइन बोलकर ही सब पर पड़े भारी, लूटी लाइमलाइट

दिव्येंदु शर्मा एक बार फिर अपने दमदार अंदाज से चर्चा में हैं. ‘मिर्जापुर’ में ‘मुन्ना भैया’ बनकर लोगों के दिलों पर छाने वाले दिव्येंदु अब फिल्म ‘पेद्दी’ में नजर आने वाले हैं. यह एक तेलुगु फिल्म है, जिसे हिंदी, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में भी रिलीज किया जाएगा. फिल्म में राम चरण और जाह्नवी कपूर लीड रोल में हैं. हाल ही में इसका ट्रेलर रिलीज हुआ, जिसमें दिव्येंदु का अलग और खतरनाक अंदाज देखने को मिला.

ट्रेलर में छा गए दिव्येंदु

‘पेद्दी’ के ट्रेलर में कई बड़े सितारे नजर आए, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा दिव्येंदु शर्मा की हो रही है. ट्रेलर देखकर साफ लग रहा है कि वह फिल्म में निगेटिव रोल निभा रहे हैं. उनका स्क्रीन प्रेजेंस काफी दमदार दिखा है. खास बात यह रही कि कम स्क्रीन टाइम और सिर्फ एक डायलॉग में ही उन्होंने पूरा माहौल अपने नाम कर लिया. सोशल मीडिया पर भी लोग उनके अंदाज की जमकर तारीफ कर रहे हैं.

एक डायलॉग ने जीता दिल

ट्रेलर में दिव्येंदु शर्मा का सिर्फ एक डायलॉग है, लेकिन उसी ने फैंस को ‘मुन्ना भैया’ की याद दिला दी. वह कहते हैं, “वो सिर्फ खेल खेलना जानता है… हमें खेल खिलवाना भी आता है.” जिस अंदाज में उन्होंने यह डायलॉग बोला, वह काफी प्रभावशाली लगा. उनके एक्सप्रेशन और आवाज का वही पुराना स्वैग देखने को मिला, जिसने ‘मिर्जापुर’ में उन्हें खास पहचान दिलाई थी. कई दर्शकों का मानना है कि ट्रेलर में दिव्येंदु बाकी सितारों पर भारी पड़े हैं.

जून में रिलीज होगी फिल्म

ट्रेलर से अंदाजा लगाया जा रहा है कि फिल्म में दिव्येंदु शर्मा का किरदार काफी अहम होने वाला है और उनका सीधा मुकाबला राम चरण से देखने को मिल सकता है. फिल्म का निर्देशन बुचि बाबू सना ने किया है. वहीं फिल्म में बोमन इरानी और रवि किशन भी नजर आएंगे. ‘पेद्दी’ 4 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और ट्रेलर ने पहले ही दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है.

The Hindi Post
Author: The Hindi Post