Yash की ‘टॉक्सिक’ फिर टली, तारा सुतारिया ने तोड़ी चुप्पी, बोलीं- इंतजार लंबा जरूर, लेकिन रिजल्ट शानदार होगा

साउथ सुपरस्टार यश इन दिनों अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक’ को लेकर लगातार चर्चा में बने हुए हैं। फैंस लंबे समय से इस फिल्म का इंतजार कर रहे हैं। फिल्म में यश के साथ तारा सुतारिया और कियारा आडवाणी भी अहम किरदारों में नजर आने वाली हैं। बड़े बजट और दमदार स्टारकास्ट की वजह से फिल्म को लेकर जबरदस्त एक्साइटमेंट है। हालांकि रिलीज डेट बार-बार टलने से फैंस थोड़े निराश भी नजर आ रहे हैं। अब तक मेकर्स ने फिल्म की नई ऑफिशियल रिलीज डेट का ऐलान नहीं किया है।

तारा ने देरी पर क्या कहा?

हाल ही में तारा सुतारिया फ्रांस में आयोजित कांस इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में नजर आईं। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए फिल्म की रिलीज में हो रही देरी पर खुलकर बात की। तारा ने कहा कि वह काफी धैर्य रखने वाली इंसान हैं और किसी फिल्म के लेट होने पर ज्यादा परेशान नहीं होतीं। उनके मुताबिक एक फिल्म केवल कलाकारों की नहीं होती, बल्कि उसके पीछे सैकड़ों लोगों की मेहनत शामिल होती है। उन्होंने कहा कि एक एक्टर होने के नाते वह डायरेक्टर और प्रोड्यूसर के फैसलों का सम्मान करती हैं और रिलीज में देरी के पीछे कई बड़े कारण हो सकते हैं।

‘इंतजार का फल मीठा होता है’

तारा सुतारिया ने बातचीत में यह भी कहा कि वह फैंस की बेसब्री को अच्छी तरह समझती हैं। उन्होंने माना कि दर्शक फिल्म का लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं, लेकिन वह खुद भी उतनी ही उत्साहित हैं। तारा ने मुस्कुराते हुए कहा कि “इंतजार का फल हमेशा मीठा होता है।” उनके इस बयान के बाद फैंस को उम्मीद है कि फिल्म बड़े स्तर पर और शानदार तरीके से रिलीज की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी तारा का यह बयान तेजी से वायरल हो रहा है और लोग फिल्म से जुड़ी नई अपडेट्स का इंतजार कर रहे हैं।

दो बार बदली रिलीज डेट

फिल्म टॉक्सिक की रिलीज डेट अब तक दो बार बदली जा चुकी है। पहले यह फिल्म 19 मार्च को रिलीज होने वाली थी और इसकी टक्कर रणवीर सिंह की फिल्म “धुरंधर 2: द रिवेंज” से होने वाली थी। बाद में मेकर्स ने इसकी नई रिलीज डेट 4 जून तय की, लेकिन फिर इसे आगे बढ़ा दिया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए यह फैसला लिया गया। अब फैंस को केवल फिल्म की नई रिलीज डेट का इंतजार है।

The Hindi Post
Author: The Hindi Post