भारतीय घरों में खाना खाने के बाद सौंफ खाने की परंपरा पुरानी है। यह सिर्फ स्वाद के लिए नहीं, बल्कि पाचन को बेहतर रखने के लिए भी खाई जाती है। गर्मियों में सौंफ खास तौर पर फायदेमंद मानी जाती है क्योंकि इसकी तासीर ठंडी होती है। यही वजह है कि इसे रोजाना थोड़ी मात्रा में डाइट में शामिल करने की सलाह दी जाती है।
घर में बनाएं हेल्दी प्रीमिक्स
न्यूट्रिशनिस्ट राजमणि पटेल ने सौंफ और मिश्री की एक आसान समर ड्रिंक बताई है। इसका प्रीमिक्स बनाने के लिए 1 कप सौंफ, 1 कप धागे वाली मिश्री और 5-6 हरी इलायची लें। सबसे पहले सौंफ को हल्का भून लें और ठंडा होने दें। फिर तीनों चीजों को पीसकर पाउडर बना लें और एयरटाइट जार में स्टोर कर लें।
एक मिनट में तैयार होगी ड्रिंक
इस ड्रिंक को बनाना बेहद आसान है। एक गिलास नॉर्मल या हल्का ठंडा पानी लें और उसमें 1 से 2 चम्मच तैयार पाउडर मिला दें। इसे अच्छी तरह घोल लें। चाहें तो स्वाद बढ़ाने के लिए थोड़ा नींबू रस भी डाल सकते हैं। गर्मियों में यह ड्रिंक शरीर को तुरंत ठंडक और ताजगी देती है।
पेट और पाचन को मिलेगा आराम
सौंफ और मिश्री की यह ड्रिंक पाचन सुधारने में मदद करती है। गैस, पेट फूलना, भारीपन और एसिडिटी जैसी समस्याओं में राहत मिल सकती है। साथ ही पेट की जलन और गले के सूखेपन को भी कम करने में यह फायदेमंद मानी जाती है। गर्मी में लू से बचाने और शरीर को हाइड्रेट रखने में भी यह मददगार है।
मुंह की बदबू से त्वचा तक फायदा
सौंफ और इलायची दोनों ही नेचुरल माउथ फ्रेशनर हैं। यह ड्रिंक सांसों को ताजा रखने और मुंह की बदबू कम करने में मदद करती है। इसके अलावा मुंह के छाले, शरीर की गर्मी और त्वचा से जुड़ी परेशानियों में भी इसे लाभकारी माना जाता है। मिश्री शरीर को तुरंत ऊर्जा देने का काम करती है।
इन लोगों को बरतनी चाहिए सावधानी
इस ड्रिंक का सेवन सीमित मात्रा में ही करना चाहिए। रोजाना 1 से 2 चम्मच काफी है। ज्यादा पीने से दस्त या भूख कम लगने जैसी समस्या हो सकती है। डायबिटीज मरीजों को मिश्री होने की वजह से इससे बचना चाहिए। लो ब्लड प्रेशर वाले और गर्भवती महिलाओं को भी इसे कम मात्रा में ही लेना चाहिए।